पलामू में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में मां-बेटी समेत 3 लोगों की मौत

पलामू

झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और उसकी बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पहली घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव में 60 वर्षीय सरस्तिया देवी अपनी बेटी रूपा कुमारी (21) के साथ घर के बरामदे में बैठी थीं तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। चैनपुर थाना के प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि इस घटना में दोनों की मौत हो गई और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शर्मा ने बताया, ‘‘सरस्तिया के पति गुडन सिंह भी घायल हो गए जो कि घटना के वक्त घर के अंदर थे। उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।''

दूसरी घटना रेहला थाना क्षेत्र में हुई जहां बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसकी पहचान की जा रही है। मंगलवार को मानसून के आगमन के बाद झारखंड के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हुईं। मौसम विभाग ने 18 और 19 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश का ‘रेड' अलर्ट जारी किया है।

 


Back to top button