सीनियरिटी लिस्ट बनी, फिर भी प्रमोशन का इंतजार, हरियाणा के 40 इंस्पेक्टरों की बढ़ी मुश्किलें

करनाल.
हरियाणा पुलिस के 40 इंस्पेक्टर पिछले आठ साल से डीएसपी बनने की बाट जोह रहे हैं। खास बात ये है कि तमाम नियम और कायदे पूरे होने के बावजूद उनको पदोन्नति नहीं मिल रही है। इतना ही नहीं इसमें से आधे से अधिक तो सेवानिवृत्ति के नजदीक हैं या फिर किसी का एक एक साल नौकरी का बचा है।
इससे भी बड़ी बात ये है कि पुलिस महकमे में डीएसपी के 70 से अधिक पद भी खाली पड़े हैं, बावजूद इसके विभाग पदोन्नति नहीं दे रहा है। साल 2003 और 2004 बैच में 40 से अधिक सब-इंस्पेक्टर की भर्ती हुई। पंजाब पुलिस रूल के हिसाब से 8 साल बाद 2012 में ये इंस्पेक्टर बन गए। इसके बाद 6 साल बाद इंस्पेक्टर रहने के बाद उनको 2018 में डीएसपी बनना था, लेकिन बार-बार अलग-अलग तर्क देकर विभाग पदोन्नति का टालता रहा है।
सीएम से भी की जा चुकी अपील
गंभीर बात ये है कि कई इंस्पेक्टर अब डीएसपी बनने के इंतजार सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच गए हैं। पदोन्नति को लेकर सभी पात्र मुख्यालय के साथ साथ सीएम के पास भी अपनी अपील कर चुके हैं।












