भिलाई-चरोदा, बीरगांव, रिसाली व भिलाई निगम में बनेगी कांग्रेस की सरकार, सीएम भूपेश बोले- भाजपा दूर-दूर तक नहीं l ऑनलाइन बुलेटिन
रायपुर l ऑनलाइन बुलेटिन l Up के दौरे से रायपुर लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकाय चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश दिया है। भाजपा कहीं दूर-दूर तक नहीं दिखता। सीएम ने कहा कि सभी नगर निगमों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। एक-दो सीट कम है, वहां निर्दलीय का समर्थन लेकर सरकार बनाएंगे। बस्तर से लेकर सरगुजा तक कांग्रेस की एकतरफा जीत मिली है। जनता ने भारतीय जनता पार्टी को नकार दिया है।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा के पास मुद्दे नहीं है। जनता ने स्पष्ट जनादेश देकर यह साबित कर दिया है। भाजपा द्वारा सत्ता व धन बल के दुरुपयोग के आरोप पर सीएम ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा रह गया है। ये कभी धर्मांतरण तो कभी संप्रदाय के नाम पर लोगों को लड़ाने का काम करते हैं।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की जनता ने सरकार के कामों पर विश्वास जताया है और इसका नतीजा निकाय चुनाव में आपके सामने हैं। नगर निगमों में महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत में अध्यक्ष के चयन सीएम ने कहा कि जिन्हें निकाय का प्रभारी बनाया गया है, वे बैठक में तय करेंगे।
विकास पर जनता की मुहर: मरकाम
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि चुनाव परिणाम कांग्रेस की अपेक्षाओं के अनुरूप आए हैं। निकाय चुनाव के परिणाम जनता के मूड को समझने के लिए पर्याप्त है। राजधानी से लेकर बस्तर, सरगुजा, भिलाई, राजनांदगांव तक सभी स्थानों की जनता ने कांग्रेस पार्टी पर भरोसा जताया है। मरकाम ने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार के तीन साल के कामों पर मुहर लगाई है। जनता ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के मॉडल को स्वीकार किया है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग के लिए बेहतर काम किया है।
सत्ता व धन का दुरुपयोग किया: भाजपा
नगरीय निकायों के परिणामों पर छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने नगरीय निकाय चुनाव में सत्ता और धन बल का दुरुपयोग किया है। कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की है। यह कांग्रेस की नहीं बल्कि धन और सत्ता बल की जीत है। भाजपा नेताओं ने पूरे चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। भाजपाइयों ने कहा कि हमारे प्रत्याशी कहीं एक वोट तो कहीं दो वोट से हारे हैं। चुनाव में EVM का प्रयोग करते तो भाजपा की स्थिति मजबूत होती। चुनाव में अफसरों का गलत इस्तेमाल किया गया है।