मौसम ने ली करवट, आंधी, बारिश और ओलों ने गर्मी का तोड़ा कहर

बठिंडा.
पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को वीरवार शाम बड़ी राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट लेते हुए तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का रूप धारण कर लिया। शाम आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।
कई इलाकों में ओले भी गिरे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से जिले में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था और पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल थे। वीरवार शाम हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई। बारिश शुरू होते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और ठंडी हवाओं का आनंद लिया।
मौसम में आए इस बदलाव का किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने से फसलों को फायदा पहुंचेगा। वहीं पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है।












