Bihar Incentive Scheme: 10वीं पास को ₹10,000 और 12वीं पास को ₹15,000, ऐसे करें ऑनलाइन अप्लाई

लखीसराय.

मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत अब आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल हो गई है। सरकार ने ऑफलाइन आवेदन व्यवस्था समाप्त कर दी है। ऐसे में योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र विद्यार्थियों को जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में आवेदन जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे निर्धारित आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि सरकार के निर्देश के अनुसार अब केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से किसी भी प्रकार के भ्रम में नहीं पड़ने तथा आवेदन के लिए जिला कार्यालय आने के बजाय निर्धारित पोर्टल का ही उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध एवं ईसाई समुदाय के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से मैट्रिक अथवा फोकानिया परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 10 हजार रुपये तथा इंटरमीडिएट अथवा मौलवी परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण केवल छात्राओं को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन प्रक्रिया समयबद्ध होगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन करने की अपील की है।


Back to top button