.

बैकुंठपुर नगरपालिका में बहुमत के बाद भी अध्यक्ष नहीं बना सकी कांग्रेस, टाई में भाजपा को जीत l ऑनलाइन बुलेटिन

बैकुंठपुर l (छत्तीसगढ़ बुलेटिन) l ऑनलाइन बुलेटिन l छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सियासी उलटफेर देखने को मिला। बैकुंठपुर नगर पालिका में बहुमत के बाद भी कांग्रेस अपना नगर पालिका अध्यक्ष नहीं बना सकी है।वहीं सियासी गलियारों में इस राजनीतिक उलटफेर की चर्चा हो रही है। शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में एक कांग्रेस पार्षद द्वारा क्रॉस वोटिंग किए जाने से अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस व भाजपा अध्यक्ष उम्मीदवारों के मत समान हो गए और मुकाबला टाई हो गया। इस कारण फैसला पर्ची निकालकर किया गया। इस पर बीजेपी की नविता शिवहरे को जीत मिली और कांग्रेस के साधना जायसवाल को को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव परिणाम आने के बाद भड़के कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नजीर अजहर के खिलाफ भी नारे लगाए।

 

बता दें कि 23 नवंबर को कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर पालिका के परिणाम घोषित किए गए थे। चुनाव में कांग्रेस को 11, बीजेपी को 7 और 2 अन्य उम्मीदवार जीते थे। चुनाव परिणामों के बाद यह तय था कि कांग्रेस अपना नगर पालिका अध्यक्ष बनाएगी, लेकिन शनिवार को हुए अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार हो गई। भाजपा ने अध्यक्ष पद के लिए नविता शिवहरे को मैदान में उतारा था। कांग्रेस से वार्ड नंबर-44 से चुनाव जीतने वाली मुर्शरत जहां अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रही थी, लेकिन कांग्रेस ने साधना जायसवाल को मैदान में उतार दिया। इससे नाराज मुर्शरत जहां ने आखिर समय में बगावत करते हुए क्रॉस वोटिंग की। इससे कांग्रेस के पक्ष में सिर्फ 10 वोट ही पड़े।

 

चरचा में कांग्रेस प्रत्याशी बनीं नगरपालिका अध्यक्ष

 

कोरिया के बैकुंठपुर के अलावा शिवपुर चरचा नगर पालिका अध्यक्ष के लिए मतदान हुआ। यहां कांग्रेस के प्रत्याशी लालमुनी यादव ने बीजेपी के प्रत्याशी अरुण कुमार जायसवाल को हरा दिया। चुनाव में कांग्रेस के यहां 8 पार्षद, बीजेपी के 5 और 2 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस को 10 मत और बीजेपी को 05 मत मिले।

 

शिवपुर चर्चा में उपाध्यक्ष चुनाव में पलटा पासा

 

बैकुंठपुर नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के आशीष यादव जीत गए हैं। उन्हें 12 मत मिले। भाजपा के प्रत्याशी भानु पाल को 8 मत मिले। वहीं शिवपुर चर्चा नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद पर बीजेपी के उम्मीदवार राजेश सिंह ने कब्जा किया, उन्हें आठ मत मिले। वहीं कांग्रेस के उपाध्यक्ष प्रत्याशी रेशमा परवीन को साथ मत मिले। बता दें कि दोनों ही पालिका में कांग्रेस के ज्यादा पार्षद जीतकर आए थे।

 

 


Back to top button