.

बिलासपुर रेलवे स्टेशन में दो पक्षों में मारपीट, UP से शुरू हुआ विवाद छत्तीसगढ़ तक पहुंचा, आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन l ऑनलाइन बुलेटिन

बिलासपुर l (छत्तीसगढ़ बुलेटिन) l प्रदेश के बिलासपुर रेलवे स्टेशन में कथित तौर पर एक महिला को पैर लगने की वजह से 2 पक्ष आपस में भिड़ गए। यह विवाद इतना बढ़ गया कि महिला पक्ष ने स्टूडेंट्स की पिटाई करवाने बाहर से अपने लोगों को बुलवा लिया। देखते ही देखते तनाव बढ़ गया और बिलासपुर रेलवे स्टेशन जंग का मैदान बन गया। मारपीट और हंगामे के बीच RPF ने मोर्चा संभाला।

 

विवाद कर रहे दोनों पक्षों को तितर-बितर कर मामले को शांत कराया। विवाद की वजह से ट्रेन आधे घंटे तक स्टेशन में खड़ी रही।

 

घटना संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की

 

बताया जा रहा है कि ट्रेन में दुर्ग के स्टूडेंट्स दिल्ली से यात्रा कर रहे थे। इसी गाड़ी में बिलासपुर के लोग महिलाओं के साथ यात्रा कर रहे थे। सोमवार दोपहर ट्रेन बिलासपुर पहुंची, तब एक स्टूडेंट्स का पैर महिला के पैर को लग गया। इसी बात को लेकर फिर से विवाद हो गया। इतने में महिला और उसके रिश्तेदारों ने बाहरी युवकों को फोन कर बुला लिए और फिर स्टूडेंट्स के साथ मारपीट शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्टेशन में बवाल मच गया और भीड़ जुट गई।

 

स्टेशन पर आधे घंटे तक खड़ी रही ट्रेन

 

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस इस विवाद और हंगामे के चलते करीब आधे घंटे तक स्टेशन में खड़ी रही। RPF की टीम ने मारपीट करने वाले बाहरी युवकों को पकड़ लिया। विवाद और हंगामे के बीच करीब आधे घंटे बाद संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को दुर्ग के लिए रवाना किया गया।

 

एक दर्जन से अधिक स्टूडेंट्स पकड़े गए

 

महिला यात्री ने आरोप लगाया कि दुर्ग के युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। स्टेशन में उतरते समय भी एक लड़के ने पैर मार दिया। आरोप है कि दुर्ग के युवकों ने पहले मारपीट शुरू की। इसके बाद उन्हें बाहर से युवकों को बुलाना पड़ा। RPF ने दोनों पक्षों के युवकों को चौकी में पकड़ कर रखा है।

 

उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ था विवाद

 

बताया जा रहा है कि दुर्ग और बिलासपुर के यात्रियों के बीच विवाद झांसी स्टेशन से चल रहा है। युवकों पर महिलाओं से दुर्व्यवहार करने का आरोप है। जबकि, दुर्ग के स्टूडेंट्स का आरोप है कि उनके साथ सफर कर रही छात्राओं से दुर्व्यवहार किया गया। इसके चलते विवाद शुरू हुआ। बिलासपुर स्टेशन पहुंचने पर बाहरी युवकों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई।

 

 

©बिलासपुर से शैलेन्द्र बंजारे की रपट


Back to top button