.

पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ में भी सीएम फेस पर रार, दावा कर गोपाल राय बोले-‘आप’ को होगा फायदा l ऑनलाइन बुलेटिन

रायपुर | (छत्तीसगढ़ बुलेटिन) | पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी के हौसले बुलंद हैं। आज छत्तीसगढ़ पहुंचे गोपाल राय ने आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए अपनी योजना का खुलासा किया। उन्होंने कहाकि कांग्रेस की जिस कमजोरी का फायदा हमने पंजाब में उठाया, उसी दांव से उसे यहां भी चित करेंगे।

 

गौरतलब है कि पंजाब में कांग्रेस में चुनाव के समय तक अंदरूनी संघर्ष चलता रहा था। वहां सीएम फेस को लेकर काफी बयानबाजी हुई थी।

 

दिया पार्टी की हालत का हवाला

 

आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने रायपुर में पार्टी के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी योजनाओं पर बात की। गोपाल राय ने कहाकि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने जो काम किए उसके दम पर आप ने पंजाब में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है लेकिन छत्तीसगढ़ में भी वही काम हो रहा है जो पंजाब में हो रहा था। कांग्रेस में इस बात के लिए संघर्ष चल रहा है कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा?

 

छत्तीसगढ़ में सामने आए हैं मतभेद

 

करीब छह महीने पहले छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस पार्टी के बीच मतभेद सतह पर आ गए थे। तब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव और भूपेश बघेल के बीच सीएम की कुर्सी को लेकर खूब खींचतान मची थी। यहां तक कि दोनों नेता और उनके समर्थकों ने दिल्ली की भी खूब परेड की थी। इसमें पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को भी बचाव के लिए उतरना पड़ा था। गोपाल राय ने अपने बयान में इसी संघर्ष की तरफ इशारा किया है।

 

पंजाब कांग्रेस में खूब हुई थी खींचतान

 

गौरतलब है कि पंजाब में चुनाव से पहले कांग्रेस के बीच जबर्दस्त अंदरूनी संघर्ष देखने को मिला था। यहां पर पहले नवजोत सिंह सिद्धू और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच मतभेद उभरा। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह को पहले मुख्यमंत्री पद से हटाया गया और चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। हालांकि पार्टी के बीच भीतरी संघर्ष फिर भी खत्म नहीं हुआ। यह इसी से साबित होता है कि चुनाव के दौरान नवजोत सिंह सिद्धू की बेटी ने अपने पिता को सीएम फेस न बनाने पर ऐतराज जताया था।

 

 

©नवागढ़ मारो से धर्मेंद्र गायकवाड़ की रपट   


Back to top button