.

राहुल गांधी बोले- RSS, BJP की विचारधारा सबसे बड़ा खतरा, देश को 2 भागों में बांटा, एक धर्म को दूसरे से लड़ा रहे l ऑनलाइन बुलेटिन

रायपुर l (नेशनल बुलेटिन) l देश की प्रगति किसानों व मजदूरों की देन है। हिन्दुस्तान की जनता ने अपनी मेहनत से देश में बदलाव लाया है। जिन करोड़ों लोगों ने देश को बनाया उन्हें दबाकर कुछ लोगों के हाथों में देश की बागडोर सौंप रहे हैं। देश के अंदर भारतीय जनता पार्टी नफरत फैला रही है। बीजेपी देश को खतरे की ओर ले जा रही। बीजेपी ने देश को 2 भागों में बांट दिया है। एक देश अरबपतियों का और दूसरा मजदूरों का हो गया है। बीजेपी और आरएसएस देश में एक विचारधारा चाहती है। जबकि यह देश एक गुलदस्ता जैसा है, जिसमें अलग-अलग विचार, भाषा और संस्कृति है। यह पार्टी की नहीं बल्कि विचारधारा की लड़ाई है। वे एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं।

उक्त बातें कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में कही।

 

राहुल गांधी ने महाराष्ट्र की वर्धा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में सेवाग्राम, छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति की आधारशिला रखी तो वहीं राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरों न्याय योजना व राजीव युवा मितान क्लब योजना का शुभारंभ किया। सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

 

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के 10 उद्योगपति मित्रों के पास देश का पैसा है। भाजपा कुछ उद्योगपतियों की प्रगति चाहती है, जबकि कांग्रेस पूरे देश की प्रगति चाहती है। उन्होंने कहा कि हम किसानों की मदद कर रहे हैं।

 

छत्तीसगढ़ में msp में धान खरीदी हो रही है। किसानों को 2500 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान हो रहा है। राहुल ने कहा कि किसानों की मदद से छत्तीसगढ़ में धान को उत्पादन बढ़ गया। हमने उद्योगपतियों को नहीं बल्कि किसानों को मेहनत का सही दाम दिया है।

 

गरीबों को साइड करके चंद लोगों को सारा पैसा पकड़ाया

 

राहुल गांधी ने कहा कि अब मजदूरों भाइयों को राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूरों न्याय योजना के तहत 6 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत हो गई है और अब बात यही नहीं अटकेगी। उन्होंने मजदूर न्याय योजना की राशि बढ़ाने का आग्रह भी सीएम भूपेश बघेल से किया।

 

राहुल ने कहा कि यह आपका धन है, जिसे आपको लौटा रहे हैं। 6 हजार रुपये 3 किस्तों में दे रहे हैं। 3.55 लाख मजदूरों को इस योजना से सीधा लाभ मिलेगा। राहुल गांधी ने कहा कि वो चाहते हैं कि जिन लोगों ने देश बनाया उन्हें किनारे कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि देश में केवल 100 लोगों के पास 40 प्रतिशत धन है। ऐसा हिंदुस्तान हम होने नहीं देंगे। तरक्की होगी तो सबकी होगी। भाजपा देश में नफरत फैला रही है। एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। हम इस हमले का विरोध करते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि छोटे व्यापारियों को नोट बंदी, गलत जीएसटी ने तोड़ दिया।

 

सेवाग्राम व अमर जवान ज्योति की रखी आधारशिला

 

इससे पहले सांसद राहुल गांधी ने अमर जवान ज्योति की आधारशिला रखी। उन्होंने मंच पर ही कपड़ा हटाकर शिलान्यास किया। यह अमर जवान ज्योति माना में caf बटालियन में बनाई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने नवा रायपुर में बनने वाले सेवाग्राम का शिलान्यास किया। उन्होंने राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का भी शुभारंभ किया। योजना के तहत पहली किश्त में 71 करोड़ रुपए का भुगतान किया।

 

छत्तीसगढ़ के 3.55 लाख मजदूरों को इस योजना से सीधा लाभ मिलेगा। राहुल गांधी ने शासन द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टाल का निरीक्षण किया और विभिन्न प्रोडक्ट की जानकारी ली। राहुल गांधी ने बस्तर से लेकर सरगुजा तक उपलब्धियों के उत्पाद, कलाकृति व उपलब्धियों के लिए भूपेश बघेल सरकार की सराहना की।

 

3 साल में 91 हजार करोड़ रुपये जनता की जेब में पहुंचाया

 

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा एक तरफ देश में मंदी थी। नोटबंदी, जीएसटी की वजह से लोगों की जेब में पैसा नहीं था, लेकिन छत्तीसगढ़ में कोई मंदी नहीं दिखी। हमने युवाओं को रोजगार दिया। प्रदेश लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी दी। केंद्र सरकार ने अड़ंगा लगाया कि किसानों की जेब में पैसा नहीं जाना चाहिए, लेकिन सरकार ने न्याय योजना से किसानों को पैसा दिया।

 

छत्तीसगढ़ में गोधन न्याय योजना से 122 करोड़ का गोबर खरीदकर भुगतान कर दिया। पशुपालकों व स्व सहायता समूहों को रोजगार मिलने के साथ आर्थिक समृद्धि भी मिली। गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। प्रदेश सरकार ने पिछले 3 सालों में 91 हजार करोड़ रुपए जनता की जेब में पहुंचा है। प्रदेश में अब 105 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो रही है।

 


Back to top button