.

पत्नी-बच्चों के साथ सोया था, सुबह मिली लाश: ऊंची इमारत के पीछे पड़ा था; पुलिस ने जताया ये अंदेशा | ऑनलाइन बुलेटिन

बिलासपुर | [छत्तीसगढ़ बुलेटिन] | एक मोटर मैकेनिक का शव करीब 50 फीट ऊंची 4 मंजिला इमारत के नीचे पड़ा हुआ मिला है। रविवार रात इमारत की छत पर अपने परिवार के साथ मैकेनिक सोया हुआ था। अगले दिन सोमवार को परिजन सोकर उठे तो उन्हें मैकेनिक की मौत का पता चला। हालांकि परिजनों का कहना है कि वह आत्महत्या नहीं कर सकता। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

 

अशोक नगर सरस्वती शिशु मंदिर के पास 4 मंजिला अटल आवास है। यहां अलग-अलग परिवार के लोग रहते हैं। क्वार्टर नंबर 16 में विकास शर्मा (40) भी रहता था। उसके साथ उसकी पत्नी अनीता शर्मा और बच्चे रहते हैं। विकास अटल आवास के पास ही गैरेज चलाता था।

 

बताया जा रहा है कि गर्मी की वजह से वह पत्नी और बच्चों के साथ रात में 4 मंजिला इमारत के ऊपर छत पर सो रहा था। इस दौरान उसकी बुआ बीना पांडे भी सो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि रात में वह छत से कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह परिजनों की नींद खुली, तब वह गायब मिला। बाद में करीब 8 बजे उसकी लाश मकान के पीछे तरफ मिली।

 

आसपास के लोगों ने पुलिस को दी सूचना

 

सुबह उसकी पत्नी व बच्चों की नींद खुली, तब सब नीचे आ गए। उस समय उन्हें लगा कि विकास उठकर नीचे चला गया होगा। वह नीचे घर में भी नहीं था। तब भी परिजन को उसकी मौत की जानकारी नहीं थी। बाद में सुबह होने के बाद आसपास के लोगों ने 4 मंजिला मकान के पीछे उसकी खून से लथपथ लाश देखी और परिजन के साथ ही पुलिस को सूचना दी।

 

पुलिस बोली-नींद मेंगिर गया होगा

 

मामले की जांच करने पहुंचे हवलदार ने बताया कि युवक रात में परिजन के साथ सो रहा था। 4 मंजिला मकान का छत करीब 50 फीट है। परिजन से पूछताछ में युवक के आत्महत्या की बात सामने नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तड़के विकास नींद में शौच के लिए गया होगा और छत से गिर गया होगा। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

 

 

©बिलासपुर से शैलेन्द्र बंजारे की रपट


Back to top button