एमपी टूरिज्म क्विज के लिए बच्चों को दी जाएगी पर्यटन और संस्कृति पर आधारित पुस्तकें
भोपाल
संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने आज मंत्रालय में पर्यटन बोर्ड की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को वैश्विक पटल पर लाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
फिल्म पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि मध्यप्रदेश फिल्म निर्माण के लिए एक उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में फिल्म पर्यटन पर केंद्रित राज्य स्तरीय आयोजन की कार्ययोजना तैयार की जाए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में फिल्मांकन करने वाले फिल्म निर्माताओं, स्थानीय फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को मंच प्रदान करना तथा उन्हें प्रोत्साहित करना होगा। बैठक में 'मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति 2025' की समीक्षा के साथ ही फिल्मों के लिए दी जाने वाली सब्सिडी और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर भी चर्चा की गई।
पर्यटन क्विज से बढ़ेगा बच्चों का ज्ञान
भावी पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य लोधी ने कहा कि 'एमपी टूरिज्म क्विज' के माध्यम से बच्चों को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और पर्यटन स्थलों से परिचित कराया जाए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए बच्चों को प्रदेश की संस्कृति और पर्यटन पर आधारित ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे न केवल उनका सामान्य ज्ञान बढ़ेगा, बल्कि वे अपनी माटी की गौरव गाथा को भी जान सकेंगे।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
मंत्री लोधी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट आवंटन, होटल एवं रिजॉर्ट के लिए कैपिटल सब्सिडी, ग्रामीण पर्यटन और महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजनाओं की प्रगति का भी बारीकी से विश्लेषण किया गया।











