.

शांति भंग होने का बताया खतरा ! राम रहीम का सत्संग होगा बंद? पैरोल को हाईकोर्ट में दी गई चुनौती | ऑनलाइन बुलेटिन

चंडीगढ़ | [कोर्ट बुलेटिन] | साध्वियों से यौन शोषण और हत्या मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को पैरोल देने का मामला अब हरियाणा एवं पंजाब हाई कोर्ट में पहुंच गया है। याचिका में राम रहीम सिंह की पैरोल को खारिज करने की मांग की गई है।

 

याचिका में एडवोकेट एचसी अरोड़ा ने कहा कि राम रहीम सिंह को पैरोल देने से शांति भंग होने का खतरा बढ़ गया है। यह कानून-व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती है। इस याचिका पर जल्द सुनवाई होने की संभावना है।

 

बागपत के बरनावा आश्रम में है राम रहीम

 

रोहतक की सुनारिया जेल से 40 दिनों का पैरोल पर बाहर आए डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इस वक्त यूपी के बागपत के बरनावा आश्रम में है। उसके साथ उसकी मुंह बोली बेटी हनीप्रीत और परिवार के अन्य सदस्य भी हैं। इस दौरान वह ऑनलाइन सत्संग भी कर रहा है। ऐसे में रेपिस्ट बाबा की पैरोल पर सवाल उठ रहे हैं। इसको लेकर हरियाणा की खट्टर सरकार भी सवालों में है।

 

आरोप लग रहा है कि हरियाणा सरकार राम रहीम सिंह को अपने चुनावी फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है, इसलिए उसे बार-बार चुनाव के पूर्व पैरोल दी जा रही है। हरियाणा की आदमपुर सीट पर उपचुनाव के साथ ही राज्य में पंचायती चुनाव भी हो रहे हैं।

 

विपक्षी पार्टियों ने सत्ता में काबिज भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इससे पहले जब-जब पंजाब, यूपी व उत्तराखंड में चुनाव थे, तब भी राम रहीम को पैरोल मिली थी।

 

नेता लगा रहे बाबा के यहां हाजिरी

 

हरियाणा के कई नेता भी राम रहीम का आशीर्वाद लेने के लिए उसके सत्संग में जा रहे हैं। वहीं, अब पंजाब सरकार के मंत्री फौजा सिंह सरारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह डेरा सच्चा सौदा के आश्रम में पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो गया है, जिसको लेकर विपक्ष भी मान सरकार पर निशाना साध रहा है।

 

ये भी पढ़ें:

आदिवासी नृत्य महोत्सव : लकड़ी और चमड़े से बने वाद्ययंत्रों के साथ होगी घबुकुडु नृत्य की प्रस्तुति, उड़ीसा की घुडका जनजाति के कलाकार पहुंचे छत्तीसगढ़ | ऑनलाइन बुलेटिन

 


Back to top button