.

दोस्त गिन रहा था सांसे, कोरोना से तड़पते दोस्त के लिए 1400 किलोमीटर का सफर तय कर लाया ऑक्सीजन | Newsforum

नई दिल्ली |  भारत में फैल रहे कोरोना संक्रमण के बीच मेडिकल ऑक्सीजन की किल्लत बनी हुई है। अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर की भी भारी कमी देखी जा रही है। वहीं कई अस्पतालों ने ऑक्सीजन की कमी के कारण मरीजों को भर्ती करने से भी मना कर दिया है। इसके चलते मरीजों की मौत हो रही है। इस बीच दोस्ती और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए एक शख्स ने जो किया वह सराहनीय है। यहां पढ़ें एक स्कूल टीचर की अपने दोस्त के लिए किए गए जो अपने दोस्त का जीवन बचाने ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए झारखंड के बोकारो से नोएडा पहुंच गए।

 

दरअसल 38 साल के स्कूल टीचर देवेंद्र, अपने दोस्त रंजन अग्रवाल के लिए एक ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर झारखंड के बोकारो से नोएडा पहुंचे। लगभग 24 घंटों तक 1400 किलोमीटर गाड़ी चलाकर वह दोस्त की मदद को पहुंचे। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार देवेंद्र को रास्ते में एक बार बिहार और एक बार यूपी पुलिस ने रोका लेकिन मामला समझने के बाद उन्हें आगे जाने दिया गया।

 

हालांकि बोकरा में भी ऑक्सीजन सिलेंडर मिलना आसान नहीं था। देवेंद्र ने शहर में कई ऑक्सीजन प्लांट और सप्लायर से पता किया, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें फिर से खाली सिलेंडर ही मिल सकेगा। आखिर में वह बालीडीह औद्योगिक क्षेत्र में झारखंड स्टील ऑक्सीजन प्लांट के संचालक तक पहुंचे। तकनीशियन ने उन्हें पूरा सिक्योरिटी डिपॉजिट लेकर सिलेंडर देने पर सहमति जताई। उन्हें 10000 का सिलेंडर और 400 की ऑक्सीजन मिली। देवेंद्र ने बताया कि उनके दोस्त अब बेहतर हैं और जल्द डिस्चार्ज हो जाएंगे।


Back to top button