.

माह-ए-रमजान : आज चांद का दीदार हुआ तो कल मनेगी ईद | ऑनलाइन बुलेटिन

प्रयागराज | [नेशनल बुलेटिन] | माह-ए-रमजान अब विदा होने को है। 28 रोजा पूरा हो गया है। रविवार को 29वां रोजा रखा जाएगा। Eid-ul-Fitr 2022 यदि रविवार को 29 रमजान पर चांद का दीदार हुआ तो सोमवार को ईद मनाई जाएगी। रविवार को चांद की तस्दीक न होने पर सोमवार को चांद रात होगी और मंगलवार को ईद मनाई जाएगी। शहर काजी समेत उलेमा, कमेटियों ने चांद देखने की गुजारिश की है।

 

ईद का चांद 29 को होने की उम्मीद से शनिवार को प्रयागराज के बाजार में खूब खरीददारी हुई। रोशनबाग, नूरुल्लाह रोड, चौक, बजाजा पट्टी, मोहम्मद अली पार्क, बराम्दा, करेली, अटाला में लोगों ने आधी रात तक खरीदारी की। सिविल लाइंस, कोठा पारचा और कटरा में भी खरीदार जुटे रहे। सिविल लाइंस में भी खरीदारी को लोग पहुंचे। रोशनबाग बाजार में वाहनों की इंट्री पर रोक लगा दी गई।

 

जानसेनगंज की तरफ से चौक आने वाले वाहनों को भी जीरो रोड की तरफ मोड़ा गया। घंटाघर से लोकनाथ जाने वाली सड़क भी भीड़ की वजह से सिर्फ पैदल जाने वालों के लिए ही खोली गई। चौक, रोशनबाग, नूरुल्लाह रोड, सिविल लाइंस में सबसे ज्यादा भीड़ कुर्ता पायजामा और जूते-चप्पल की दुकानों पर रही। कपड़े और जूते-चप्पल की दुकानें देररात तक खोली गईं। रोशनबाग और चौक में घर सजाने वाले सामानों की बिक्री खूब हुई।

 

महिलाएं पर्दों का सेट, बर्तन, फूलदान, गुलदस्ते और क्रॉकरी आदि खरीदने पहुंचीं। शहरकाजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी और शिया जामा मस्जिद के इमाम-ए-जुमा व जमात मौलाना हसन रजा जैदी ने चांद देखने का एहतेमाम करने और तस्दीक के लिए जानकारी देने की गुजारिश की है।

 

कॉपियों का मूल्यांकन नहीं

 

ईद-उल-फितर के दिन यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने शनिवार को साफ किया है कि स्थानीय चन्द्रदर्शन के अनुसार ईद के सार्वजनिक अवकाश के दिन मूल्यांकन कार्य स्थगित रखा जाएगा।

 

चांद देखकर यहां दें इत्तेला

 

सुन्नी मरकजी रुयत-ए-हिलाल कमेटी कदीम की ओर से चांद देखकर सूचना देने की गुजारिश की गई है। मुफ्ती मो. मुजाहिद हुसैन रजवी, मौलाना सैयद रईस अख्तर हबीबी ने गुजारिश की है कि रविवार को मगरिब के वक्त चांद देखें और खबर दें। कमेटी ने मोबाइल नंबर 7007046503, 9415351861, 9415239786 पर कॉल करके जानकारी देने को कहा है।

 

क्रिकेटरों और हॉकी खिलाड़ियों ने कराया इफ्तार

 

नेशनल स्पोर्टिंग अकादमी की तरफ से शनिवार को मजीदिया इस्लामिया इंटर कालेज (एमआईसी) मैदान में इफ्तार कराया गया। इसमें पूर्व एवं वर्तमान हॉकी और क्रिकेट खिलाड़ियों के अलावा एमआईसी मैदान पर अभ्यास करने वाले दोनों खेलों के प्रशिक्षु शामिल हुए। सभी ने साथ रोजा खोलने के बाद नमाज अदा की। अमन चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। एमआईसी के प्रधानाचार्य ख्वाजा तारिक अहमद, नदीम अहमद, अकील अब्बास रिज़वी, वकील अहमद, ईशा, अ़फरोज़ आलम, राकेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।

 

प्रतियोगिता: मासूमियत भरी आवाजों में बच्चों ने दी अजान

 

प्रयागराज की मस्जिद मौला अली दरियाबाद, इबादतखाना जेके आशियाना करेली और मस्जिद काज़ी जी में शनिवार को 5 से 15 साल के बच्चों के बीच अजान प्रतियोगिता कराई गई। नमाज़ ए ज़ोहर बाद अज़ान का मु़काबला रखा गया। तीनों जगहों पर लगभग 48 बच्चों ने मु़काबले में हिस्सा लिया। मौलाना जव्वादुल हैदर रिज़वी, मौलाना ज़ीशान हैदर और मौलाना सरफराज़ हुसैन ने मस्जिद काज़ीजी, मौलाना अम्मार ज़ैदी मस्जिद इमाम अली, मौलाना मो. ताहिर इबादतखाना करेली में रहे। हर मस्जिद से तीन-तीन बच्चे चुने गए। इन नौ बच्चों का फाइनल मु़काबला मस्जिद काज़ीजी बख्शी बाज़ार में होगा।


Back to top button