.

महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के मरीज 100 केपार, सरकार ने पाबंदियों का किया ऐलान, रात 9 बजे से कर्फ्यू l ऑनलाइन बुलेटिन

मुंबई l ऑनलाइन बुलेटिन l महाराष्ट्र में शुक्रवार को ओमिक्रॉन के 20 नए केस मिले हैं। इसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 108 हो गई है। इनमें से 54 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। आज मिले 20 केसों में से 11 मुंबई में मिले हैं, जबकि 6 पुणे, 2 सतारा और 1 संक्रमित अहमदनगर में मिले हैं।

 

इन नए मरीजों में से 15 का विदेश यात्रा का इतिहास है। एक ने देश में ही यात्रा की थी, जबकि अन्य इनके संपर्क में आए लोग हैं। इनमें एक मरीज नाबालिग है, जबकि 6 मरीज 60 साल से अधिक उम्र के हैं। इनमें से किसी में कोई लक्षण नहीं है।

 

महाराष्ट्र में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन केसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आज 20 नए संक्रमित मिलने के बाद ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या 100 के पार चली गई है।

 

महाराष्ट्र के साथ मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या में भी तेजी बरकरार है। इस बीच उद्धव सरकार ने पाबंदियों का ऐलान कर दिया है। इसके तहत रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाने का फैसला किया गया है।

 

नाइट कर्फ्यू के दौरान 5 से अधिक लोग कहीं एकत्रित नहीं हो सकते हैं। आवश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। महाराष्ट्र सरकार ने शादी समारोह और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की सीमा भी तय कर दी है।

 

महाराष्ट्र के मंत्री अनिल परब ने कहा कि बंद जगहों पर होने वाले ऐसे कार्यक्रमों में 100 से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकते हैं, जबकि खुले स्थानों पर आयोजन में अधिकतम 250 लोग शामिल हो सकते हैं। होटल, स्पा, थिएटर क्षमता के 50 फीसदी ग्राहकों के साथ चल सकते हैं।

 

महाराष्ट्र में मिले 1410 नए केस, मुंबई में भी उछाल

 

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना के 1,410 नए मरीज मिले और 12 की जान चली गई। 24 घंटे में 868 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है और अब यहां कुल एक्टिव केसों की संख्या 8,426 है।

 

वहीं मुंबई में भी लगातार कोरोना केसों में तेजी आ रही है। 24 घंटे में महानगर में 683 नए कोरोना मरीज मिले हैं, जबकि 1 मरीज की मौत हुई है। अब यहां कुल 3,227 एक्टिव केस हैं।


Back to top button