.

शिवराज के मंत्री ने विधानसभा में बताए कुपोषण के चौकाने वाले आंकड़े; कांग्रेस बोली- मंत्री-विधायक का हो रहा पोषण l ऑनलाइन बुलेटिन

भोपाल | (मध्य प्रदेश बुलेटिन) | पूरे देश में बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए कई अलग-अलग तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं लेकिन बच्चों में कुपोषण को लेकर अकेले मध्य प्रदेश के आंकड़ें बेहद ही चौकाने वाले हैं। शिवराज सिंह सरकार के मंत्री भारत सिंह कुशवाहा ने राज्य विधानसभा में इससे संबंधित आंकड़ें बताए हैं। मंत्री ने बताया है कि राज्य में 10 लाख से ज्यादा बच्चे कुपोषित हैं।

 

दरअसल विधायक चेतन्य कुमार कश्यप ने प्रदेश में कुपोषण की स्थिति को लेकर सवाल उठाया था। इसपर सदन में राज्य सरकार की तरफ से लिखित जवाब देते हुए मंत्री भारत सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रदेश में शून्य से पांच साल उम्र के 65 लाख दो हजार 723 बच्चे हैं। इनमें से 10 लाख 32 हजार 166 बच्चे कुपोषित हैं। इनमें से दो लाख 64 हजार 609 ठिगनेपन, 13 लाख सात हजार 467 दुबलेपन के शिकार हैं। छह लाख 30 हजार 90 बच्चों का वजन उम्र के हिसाब से कम है।

 

इन आंकड़ों के अलावा मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में इतने बड़े पैमाने पर फैले कुपोषण को खत्म करने के लिए क्या किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुपोषण मिटाने के लिए मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन और अटल बिहारी बाल आरोग्य कार्यक्रम के तहत कुपोषण दूर करने के लिए कार्यक्रम चलाए जा हे हैं।

 

यह आंकड़ें सामने आने के बाद अब दिग्गज कांग्रेस नेता और विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि कुपोषण को खत्म करने के लिए सरकार भले ही कई तरह की योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन विगत वर्षों में परिणाम जस के तस रहे हैं।

 

पिछले कई वर्षों में कुपोषण पर राज्य सरकार द्वारा हजारों रुपए खर्च किए गए लेकिन मध्यप्रदेश में 10 लाख से अधिक बच्चे कुपोषण का शिकार हैं। जबकि छह लाख से अधिक बच्चे अति गंभीर कुपोषण से पीड़ित हैं। वही योजनाओं के संचालन के बाद भी कुपोषण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, जबकि नेताओं- अधिकारियों का पोषण हो रहा है।


Back to top button