.

कौन हैं BV श्रीनिवास, जिन्होंने हिजाब पर रोक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मौलिक अधिकार के मुद्दे को उठाया, जानें | ऑनलाइन बुलेटिन

नई दिल्ली | (नेशनल बुलेटिन) | भारतीय संविधान में हमें मौलिक अधिकार प्राप्त हैं। यह मौलिक अधिकार हर भारतीय को मालूम है, इसे एक बार फिर से पढ़ते हैं। वे मौलिक अधिकार निम्न हैं ….

 

  • समता काअधिकार (समानता का अधिकार)
  • स्वतंत्रता काअधिकार
  • शोषण के विरुद्धअधिकार
  • धर्म की स्वतंत्रता काअधिकार
  • संस्कृति और शिक्षा सम्बन्धीअधिकार
  • कुछ विधियों की व्यावृत्ति
  • संवैधानिक उपचारों काअधिकार

 

कर्नाटक में हिजाब विवाद पर सुप्रीम कोर्ट में नई याचिका दायर की गई है। इसमें संविधान में मौलिक अधिकार के रूप में धर्म का पालन करने के अधिकार के मुद्दे को उठाया गया है। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और पत्रकारिता के एक छात्र की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि यह मौलिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। साथ ही कई राज्यों में ऐसी घटनाएं हो रही हैं और विवाद के आगे फैलने की संभावना है। यह बेहतर और उचित होगा कि सुप्रीम कोर्ट इसका संज्ञान ले।

 

याचिका में कहा गया है कि विभिन्न राज्यों में विभिन्न हाईकोर्ट इस मामले पर परस्पर विरोधी आदेश पारित कर सकते हैं। इसके अनुसार, “हर किसी को अपनी पसंद के कपड़े/सिर के कपड़े पहनने और अपने धर्म, अपने रीति-रिवाजों व परंपराओं का पालन करने का अधिकार है। अगर एक छोटी लड़की को “हिजाब” पहने देखा जाता है, तो यह ‘अपनी पसंद से नहीं’ हो सकता है। अगर वयस्क लड़कियों व महिलाओं में हिजाब पहनती हैं तो यह उनकी पसंद है। उनके अधिकार की रक्षा की जानी चाहिए। धर्म में विश्वास एक बात है, लेकिन धार्मिक कट्टरता एक और पहलू है।”

 

जानिए, कौन हैं BV श्रीनिवास

 

श्रीनिवास 41 साल के युवा नेता हैं। उनका जन्म 1980 में कर्नाटक के भद्रावती में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत NSUI के सदस्य के तौर पर की। वह भारतीय युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बने। इसके बाद जिला स्तर और राज्य स्तर पर कई अहम पदों पर रहे। 2018 से लेकर लोकसभा चुनाव 2019 तक वह भारतीय युवा कांग्रेस के वाइस प्रेसिडेंट रहे। जुलाई 2019 में उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 2 दिसंबर, 2020 को श्रीनिवास IYC के अध्यक्ष घोषित किया गया।

 

कोरोना की पीक के दौरान मदद को लेकर सुर्खियों में आए

 

कोरोना महामारी की पीक के दौरान श्रीनिवास अपने मदद कार्यों को लेकर सुर्खियों में आए। कोरोना मरीजों तक ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाने को लेकर उन्होंने काफी काम किया। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग उनसे मदद की गुहार लगाने लगे। आलम यह था कि न्यूजीलैंड हाई कमीशन ने भी उनसे ऑक्सीजन सिलेंडर मुहैया कराने की मांग रख दी। हालांकि इस पर राजनीतिक बवाल मचने पर न्यूजीलैंड एंबेसी ने माफी मांग ली।

 

‘युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर मुखर हैं श्रीनिवास’

 

इंडियन यूथ कांग्रेस की वेबसाइट के मुताबिक, श्रीनिवास बी.वी युवाओं से जुड़े मुद्दों के बारे में बहुत मुखर हैं और उन्हें उजागर करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। वह राष्ट्र की नीति-निर्माण प्रक्रिया में युवाओं की भूमिका में दृढ़ विश्वास रखते हैं। युवाओं का उपयोग केवल राजनीतिक रैलियों में नारे लगाने के लिए नहीं किया जा सकता, बल्कि उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बनना होगा। श्रीनिवास हर एक IYC कार्यकर्ता को अपनी राय और विचार व्यक्त करने के लिए पर्याप्त स्थान देते हैं और उन्हें संगठन के कामकाज में शामिल करते हैं।


Back to top button