.

पहली से तलाक और दूसरी का मर्डर; 13 साल में 3 शादियां करने वाला पति तीसरी पत्नी के साथ यूं पहुंचा जेल l ऑनलाइन बुलेटिन

रायपुर | (छत्तीसगढ़ बुलेटिन) | प्रदेश के कांकेर जिले में 19 मार्च को कोकड़ी मार्ग पर एक महिला की अधजली लाश मिली थी। इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं थी। लिहाजा पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू की।

 

पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए इस महिला के बारे में पता लगाने की कोशिश की। जल्दी ही महिला के परिजन कांकेर पहुंचे। भिलाई से आए परिजनों ने महिला की लाश देखकर उसकी पहचान 38 साल की अपनी बेटी पूर्णिमा ग्वाला के रूप में की। लाश की सटीक पहचान होने के बाद अब पुलिस धीरे-धीरे इस गुत्थी को सुलझाने के करीब पहुंचने लगी।

 

दूसरी पत्नी को साथ ले गया

 

मृतक महिला के परिजनों ने पुलिस को बताया कि 18 मार्च को पूर्णिमा का पति तुलसीदास मानिकपुरी उनके घर आया था और अपनी पत्नी को अपने साथ लेकर गया था। इस लीड के मिलते ही पुलिस तुलसीदास मानिकपुरी की तलाश में चप्पे-चप्पे को खंगालने लगी। लेकिन तुलसीदास ने अपना फोन बंद कर दिया था।

 

CCTV फुटेज में नजर आया आरोपी

 

पुलिस का शक तुलसीदास पर गहरा गया था लिहाजा उसे तलाशने के लिए पुलिस ने भिलाई, कवर्धा, दुर्ग, रायपुर समेत आसपास के कुछ अन्य जिलों की पुलिस से संपर्क साधा। आखिरकार एक सीसीटीवी फुटेज में नजर आया कि वो पत्नी पूर्णिमा को एक सफारी कार में बिठाकर गुरूर की तरफ गया था। पुलिस को चकमा देने के लिए तुलसीदास लगातार मोबाइल नंबर बदल रहा था और बार-बार अपना ठिकाना भी बदल रहा था।

 

आखिरकार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। तुलसीदास के साथ एक महिला इंद्राणी मानिकपुरी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार तो कर लिया था लेकिन अभी इस मामले में कई परतें खुलनी बाकी थीं। जिस महिला को तुलसीदास के साथ गिरफ्तार किया गया था वो उसकी तीसरी पत्नी थी।

 

बिना बताए कर ली तीसरी शादी

 

पहली पत्नी से तलाक लेने के बाद तुलसीदास ने पूर्णिमा से दूसरी शादी की थी लेकिन पूर्णिमा को बिना बताए उसने इंद्राणी से तीसरी शादी साल 2021 में रचा ली थी। जब यह बात पूर्णिमा को पता चली तब वो इस शादी का विरोध करने लगी। इसी वजह से तुलसीदास ने अपनी तीसरी पत्नी के साथ मिलकर दूसरी बीवी के कत्ल का प्लान बनाया।

 

पुलिस के मुताबिक, तुलसीदास और इंद्राणी ने मिलकर गुरूर स्थित अपने घर में ही इंद्राणी का गला घोंट दिया। इसके बाद उसकी लाश को कांकेर जिले की तरफ ले जाकर एक जंगल में जला दिया। पहली से तलाक, दूसरी का मर्डर करने वाला तुलसीदास अपनी तीसरी बीवी के साथ अब कानून के शिकंजे में है।

 

 

©नवागढ़ मारो से धर्मेंद्र गायकवाड़ की रपट 


Back to top button