चंडीगढ़ में 28 तारीख को चार ठेकों की नीलामी, रिजर्व प्राइस में 17% कमी, तीन ठेके हुए सरेंडर

चंडीगढ़
चंडीगढ़ में एक्साइज विभाग की ओर से चार ठेकों की नीलामी 28 अप्रैल को की जाएगी। इनमें से तीन ठेके ऐसे हैं, जो 19 मार्च को हुई नीलामी में बिक गए थे, लेकिन बाद में सरेंडर कर दिए गए। वहीं एक ठेका अधिक कीमत के कारण बिक नहीं पाया था।
अब एक्साइज एवं टैक्सेशन विभाग ने रिजर्व प्राइस में कटौती की है। इस कटौती के बाद इन ठेकों की दोबारा नीलामी की जा रही है। विभाग को उम्मीद है कि रिजर्व प्राइस घटने से इन ठेकों पर बोली लग सकती है।
जगह नहीं मिलने पर लौटाए गए ठेके
सेक्टर 41 और अटावा में ठेकेदारों को उपयुक्त जगह नहीं मिलने के कारण ठेके लौटा दिए गए थे। अटावा में पहले चौक के पास ठेका प्रस्तावित था, लेकिन वह जगह उपयुक्त नहीं मानी गई। सेक्टर 22 का ठेका भी सरेंडर कर दिया गया था, जबकि सेक्टर 37 का ठेका अधिक कीमत होने के कारण बिक नहीं पाया था। चारों ठेकों की रिजर्व प्राइस में कुल मिलाकर करीब एक करोड़ रुपए की कमी की गई है।
इस प्रकार रहेगा रिजर्व प्राइस सेक्टर 37 के ठेके का रिजर्व प्राइस 7.01 करोड़ रुपए से घटाकर 4.98 करोड़ रुपए किया गया है। सेक्टर 22 का ठेका 2.43 करोड़ रुपए से घटाकर 2.10 करोड़ रुपए किया गया है। सेक्टर 41 का ठेका 2.45 करोड़ रुपए से घटाकर 2.14 करोड़ रुपए किया गया है। अटावा का ठेका 4.11 करोड़ रुपए से घटाकर 3.98 करोड़ रुपए कर दिया गया है।











