.

एक तरफा प्यार में युवक ने लड़की को कॉलेज में मारी गोली: प्रेमिका को तड़पता देख खुद पर किया फायर, मौत | ऑनलाइन बुलेटिन

अंबिकापुर | [छत्तीसगढ़ बुलेटिन] | प्रदेश के सूरजपुर जिले के प्रेमनगर कॉलेज में शनिवार सुबह 25 वर्षीय युवक ने 20 वर्षीय छात्रा को कट्टे से गोली मार दी। गोली लगने से छात्रा गिर गई। इसके बाद युवक ने खुद भी कनपटी पर कट्टा रखकर फायर कर दिया। कनपटी में गोली लगने से युवक की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा और मृत युवक प्रेमनगर के एक ही मोहल्ले केदारपुर के निवासी हैं। मामला एकतरफा प्रेम का बताया गया है।

 

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9.30 बजे प्रेमनगर के केदारपुर मोहल्ले की छात्रा अनामिका साहू कॉलेज पहुंची थी। वह बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है। कालेज नहीं खुला था, इसलिए वह अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज परिसर में बैठी थी। मौके पर मोहल्ले का ही युवक संजय भगत पहुंचा। उसने अनामिका साहू की सहेलियां से कहा कि वे चली जाएं। वह अनामिका से बात करना चाहता है।

 

अनामिका की कुछ सहेलियां मौके से चली गईं, लेकिन तीन सहेलियां उसके साथ ही थीं। संजय भगत ने अपने पास रखा कट्टा बाहर निकाल लिया तो अनामिका की तीन सहेलियां भी भाग गईं। संजय ने बिना कोई बात किए ही अनामिका पर गोली चला दी। गोली लगते ही अनामिका गिर गई। इसके बाद संजय भगत ने कट्टा अपनी कनपटी पर लगा लिया और फायर कर दिया। सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई।

 

छात्रा की स्थिति गंभीर बताई जा रही

 

घटना से कॉलेज में हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल प्रेमनगर थाने से पुलिसकर्मी एवं अनामिका के परिजन मौके पहुंचे। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल छात्रा को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा करा पीएम के लिए भेज दिया है। इधर इस घटना से कॉलेज में दहशत भी है।

 

युवती के मना करने पर उठाया कदम

 

प्रारंभिक तौर पर मामला एकतरफा प्रेम का बताया गया है। अनामिका साहू एवं मृतक संजय भगत एक ही मोहल्ले के थे। अनामिका को संजय पसंद करता था। वह उसका कई बार पीछा करते कॉलेज तक भी पहुंच जाता था। संजय ने अनामिका से प्रेम का इजहार भी किया था, जिस पर अनामिका ने इनकार कर दिया था। इससे क्षुब्ध संजय ने उसे देख लेने की धमकी दी थी। घटना से प्रेमनगर कॉलेज में छात्र-छात्राएं सहमें हुए हैं।

 

फाइनल ईयर में पढ़ती थी लड़की, कैंपस में ही मारी गोली

 

बताया गया है कि प्रेमनगर की रहने वाली फाईनल ईयर की छात्रा अनामिका साहू कॉलेज पहुंची थी। कैंपस में सहेलियों के साथ बैठी हुई थी कि संजय भगत नामक युवक पहुंचा ओर उसकी सहेलियों को वहां से भाग जाने को बोलते हुए कट्टा निकाल कर अनामिका पर फायर कर दिया। गोली युवती की पेट मे लगी और खून बहने लगा। लड़की वहीं गिर गई। फिर ये देख युवक ने भी खुद को गोली मार ली। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस की टीम अब मौके पर पहुंची हुई है।

 

 

 

©बिलासपुर से अनिल बघेल की रपट


Back to top button