JEE Advanced 2026-27: इन दो साल 12वीं देने वाले छात्र ही कर सकेंगे IIT के लिए आवेदन

पटना
 देश के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आइआइटी) में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई एडवांस) 2027 की शैक्षणिक पात्रता को लेकर नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का पहली बार वर्ष 2026 या 2027 में 12वीं (या समकक्ष) की परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है।
PCM विषय होना अनिवार्य

12वीं में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित का अनिवार्य विषयों के रूप में होना जरूरी है। नियमों के तहत जो छात्र वर्ष 2025 या उससे पहले पहली बार 12वीं की परीक्षा में बैठ चुके हैं, वे जेईई एडवांस 2027 के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे। इस नियम में विषयों की संख्या या उनके संयोजन को लेकर किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।

रिजल्ट जारी होने पर मानी जाएगी उपस्थिति
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की परिभाषा को स्पष्ट करते हुए बताया गया है कि यदि संबंधित शिक्षा बोर्ड ने उस वर्ष का परिणाम घोषित कर दिया है, तो इसे छात्र की उपस्थिति माना जाएगा, भले ही परीक्षा आयोजित हुई हो या नहीं। यदि किसी कारणवश किसी छात्र का परिणाम रोका भी गया है, तो भी उसे परीक्षा में शामिल ही माना जाएगा।

12 जून 2025 के बाद रिजल्ट वाले बोर्ड को राहत
हालांकि, छात्रों के हित में एक विशेष अपवाद भी रखा गया है। यदि किसी शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के 12वीं के परिणाम 12 जून 2025 को या उसके बाद घोषित किए हैं, तो उस बोर्ड से 2025 में परीक्षा देने वाले छात्र भी जेईई एडवांस 2027 में बैठने के योग्य होंगे, बशर्ते वे अन्य सभी पात्रता शर्तों को पूरा करते हों।

IIT और IISc में पहले दाखिला लेने वाले नहीं होंगे योग्य
पूर्व दाखिले से जुड़े नियम भी जारी किए गए हैं। जो अभ्यर्थी जोसा 2026 के बिजनेस रूल्स के तहत किसी भी आइआइटी या आइआइएससी के किसी शैक्षणिक पाठ्यक्रम में पहले प्रवेश ले चुके हैं, वे 2027 की परीक्षा के लिए अपात्र होंगे।

सीट स्वीकार करने के बाद पढ़ाई छोड़ने पर भी रोक
यह नियम तब भी लागू होगा, यदि छात्र ने आनलाइन या रिपोर्टिंग सेंटर पर जाकर सीट स्वीकार कर ली हो, भले ही उसने बाद में पढ़ाई जारी न रखी हो। इसके अलावा आइआइटी या आइआइएससी में प्रवेश लेने के बाद किसी भी कारण से जिनका दाखिला रद हुआ है, वे भी परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे।

इन छात्रों को मिल सकेगी विशेष छूट
छात्रों को कुछ विशेष परिस्थितियों में राहत दी गई है। 2026 में पहली बार किसी आइआइटी या आइआइएससी के 'प्रिपरेटरी कोर्स' में दाखिला लेने वाले छात्र 2027 की परीक्षा दे सकेंगे।

सीट आवंटन के बाद नाम वापस लेने वालों को मौका
जिन्हें जोसा के माध्यम से सीट आवंटित हुई थी, लेकिन उन्होंने आनलाइन रिपोर्ट नहीं किया, सीट आवंटन के अंतिम दौर से पहले नाम वापस ले लिया, या अंतिम दौर से पहले किसी कारणवश उनकी सीट रद हो गई, वे भी परीक्षा के लिए पात्र होंगे।

 


Back to top button