झारखण्ड रांची में बढ़ते अपराध पर वकीलों का कार्य बहिष्कार

रांची.

रांची में अपराध की बढ़ती वारदातों से विधि-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दो दिनों के भीतर एक एडवोकेट और एक पुलिस सब इंस्पेक्टर की हत्या की वारदात हुई है। अपराधियों की गोली से जख्मी एक कांग्रेस नेता राजेश मुंडा का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। कुछ दिन पहले अपराधियों की फायरिंग से बुरी तरह जख्मी हुए रांची नगर निगम के पूर्व पार्षद वेद प्रकाश की शनिवार को दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।

इन घटनाओं को लेकर जहां शहर में गुस्से में उबाल है, वहीं विपक्षी पार्टियां सरकार पर हमलावर हैं। रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में अधिवक्ता गोपाल कृष्ण की शुक्रवार को दिन दहाड़े बीच सड़क पर चाकू गोदकर हत्या के खिलाफ रांची के अधिवक्ता कार्य बहिष्कार आंदोलन कर रहे हैं। रांची सिविल कोर्ट के तमाम अधिवक्ताओं ने शनिवार को दूसरे दिन भी खुद को न्यायिक कार्यों से अलग रखा।


Back to top button