.

विचार बदलें | Onlinebulletin

©द्रौपदी साहू (शिक्षिका), कोरबा, छत्तीसगढ़

परिचय– गाइडर जय भारत इंग्लिश मीडियम हाई स्कूल, जिला उपाध्यक्ष- अखिल भारतीय हिंदी महासभा.

 


 

लोग किसी भी कार्य को करने से पहले यह विचार करते हैं कि हम ये कार्य कर पाएंगे या नहीं? यह विचार करना तो ठीक है, किंतु किसी कार्य को आरंभ करने के पहले अपने मन में यह विचार लाना गलत है कि हम इस कार्य को नहीं कर सकते! हमसे यह काम नहीं हो पाएगा!

 

इस तरह नकारात्मक सोचकर उस कार्य को करने का प्रयास ही नहीं करते। किसी कार्य को आरंभ किए बिना क्या वह कार्य पूरा हो जाता है? क्या बिना प्रयास किए सफलता मिलती है? नहीं न! फिर ऐसा सोचते क्यों हैं कि हम नहीं कर सकते! प्रयास तो कीजिए! आपका सफल होना न होना आपके किए गए प्रयास पर निर्भर करता है।

 

यदि आपने अपने कार्य मन लगाकर किए और अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए दिलो जान से आपने मेहनत की, तो आपको सफलता अवश्य मिलेगी। यदि आपने अपने मेहनत में कमी किया, कम प्रयास किया, तो हो सकता है आप सफल हो जाएं या हो सकता है आप सफल होने में चुक जाएं। किंतु आपको इससे सीख और अनुभव जरूर मिलती है और अगली बार आप उससे अधिक मेहनत करते हैं ताकि आपको असफलता न मिले और जब आप दोबारा प्रयास करते हैं, तो आपको सफलता अवश्य मिलती है।

 

अतः कभी भी किसी कार्य के प्रति नकारात्मक न सोचें और निराश न हों। नकारात्मक सोच ही आपको असफलता की ओर ले जाता है। यदि आपने अपने मन में ये विचार ले आए कि हम यह कार्य नहीं कर सकते तो सोचिए कि आप उसी समय हार गए क्योंकि ऐसा सोच कर कोई जीत हासिल नहीं कर सकता। उनमें आत्मविश्वास नहीं होता, जिसकी वजह से वे ऐसे नकारात्मक सोचते हैं।

 

आत्मविश्वास के साथ संकल्पित होकर किया गया कार्य कभी निष्फल नहीं होता। आपको सफलता अवश्य मिलती है, किंतु जो व्यक्ति कार्य आरंभ करने से पहले ही अपने मन ही मन हार स्वीकार कर लिया हो वह कभी अपने कार्य में सफल नहीं हो सकता। इसलिए अपने विचार बदलें और सकारात्मक सोचें। यदि आपने अपने मन में ठान लिया कि आपको वह कार्य करना है, तो वह कार्य अवश्य ही पूरा होगा। कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता।

 

कार्य की सफलता हमारी मेहनत और लगन पर निर्भर होता है और सबसे प्रमुख है प्रयास करना! बिना प्रयास के कोई भी कार्य पूर्ण नहीं होता। इसलिए मन ही मन हार स्वीकार करने के बजाय प्रयास करें। नकारात्मक न सोचकर सकारात्मक सोचें।

 

 


Back to top button