.

जब गंगूबाई काठियावाड़ी ने प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को किया था प्रपोज, जानें पूरा किस्सा l ऑनलाइन बुलेटिन

मुंबई l (नेशनल बुलेटिन) l संजय लीला भंसाली की फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी की फिल्म का बीते दिन ट्रेलर आया। इसे काफी पसंद किया गया। दर्शक फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह कहानी एस हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वीन ऑफ मुंबई’ पर आधारित है। गंगूबाई का प्रभाव सिर्फ अंडवर्ल्ड और गैंगस्टर्स तक ही नहीं था बल्कि बड़े राजनेता भी उनसे प्रभावित थे।

 

गंगूबाई ने वुमन इम्पावरमेंट समिट में वैश्यावृत्ति के पक्ष में ऐसा स्पीच दिया था जो सुर्खियों में आ गया। धीरे-धीरे गंगूबाई के चर्चे उस वक्त प्रधानमंत्री रहे पंडित जवाहर लाल नेहरू तक पहुंचे। किताब में एक घटना का जिक्र है जब गंगूबाई ने नेहरू से कहा था कि क्या वह उन्हें मिसेज नेहरू बना सकते हैं?

 

यहां पढ़ें पूरा किस्सा…

 

कहा जाता है कि मुंबई के रेड लाइट एरिया कमाठीपुरा में ऐसा कोई घर नहीं जहां गंगूबाई का फोटो न हो। गुजरात के संपन्न परिवार की बेटी गंगा हरजीवनदास प्यार में धोखा खाकर गंगूबाई बन गईं। वह ऐक्ट्रेस बनना चाहती थीं। पिता के अकाउंटेंट रमणीक लाल से प्यार हुआ।

 

गंगा ने घरवालों के खिलाफ जाकर उससे शादी की और उनके पति ने ही 500 रुपये में उनका सौदा कर दिया। गंगा ने हालात से समझौता किया लेकिन मन ही मन तय किया कि किसी और लड़की के साथ ऐसा अन्याय नहीं होने देंगी। गंगूबाई के कोठे पर बड़े-बड़े गैंग्स्टर आते थे और करीम लाला को उन्होंने मुंहबोला भाई बनाया था।

 

गंगूबाई ने रेड लाइट एरिया की दशा सुधारने के लिए कमर कस ली थी। महिला सशक्तिकरण परएक समिट में गंगूबाई ने ऐसा स्पीच दिया जिसकी गूंज देश के प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू तक पहुंची। इस भाषण में गंगूबाई ने शहरी इलाकों में वैश्यावृत्ति की जरूरत पर जोर दिया था। जवाहर लाल नेहरू उनकी रेड लाइट एरिया की स्थिति सुधारने की इच्छा से प्रभावित हुए।

 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब गंगूबाई को जवाहर लाल नेहरू से मिलने का मौका मिला। उन्होंने नेहरू से कहा कि वह अपने भाषणों के जरिये राष्ट्रीय स्तर पर सेक्स वर्कर्स की स्थिति सुधारने का मुद्दा उठाएं। गंगूबाई ने उनसे आग्रह किया कि वह कुछ करें ताकि सेक्स इंडस्ट्री की महिलाओं को बराबरी का हक मिले और वह सम्मानजनक जिंदगी जी पाएं।

 

जवाहर लाल नेहरू गंगूबाई से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने मुलाकात के दौरान गंगूबाई से कहा कि उन्होंने यह काम क्यों चुना जबकि वह एक अच्छा पति चुनकर बेहतर जिंदगी गुजार सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पर गंगूबाई ने नेहरू से पूछा, क्या आप मुझे मिसेज नेहरू बनाएंगे? उनके सवाल का जवाहर लाल नेहरू के पास कोई जवाब नहीं था।

 

तब गंगूबाई ने कहा, उपदेश देना बहुत आसान होता है लेकिन इसे कर पाना मुश्किल।


Back to top button