पंजाब की सियासत में बड़ा उलटफेर, मनप्रीत अयाली अमृतपाल सिंह की पार्टी का थामेंगे दामन

चंडीगढ़ 
पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत दाखा से शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बागी विधायक मनप्रीत सिंह अयाली (Manpreet Singh Ayali) आज मंगलवार को वारिस पंजाब दे (Waris Punjab De) में औपचारिक रूप से शामिल होने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता तरसेम सिंह करेंगे।

अयाली ने इस कदम की पुष्टि करते हुए कहा कि वह आज मंगलवार को वारिस पंजाब दे का दामन थामेंगे। पिछले कई महीनों से उनका संगठन के साथ निकट संबंध रहा है। जिला परिषद और पंचायत चुनावों में उनके समर्थित उम्मीदवारों ने भी चुनाव प्रचार के दौरान अमृतपाल सिंह की तस्वीरों का इस्तेमाल किया था।

चूंकि वारिस पंजाब दे फिलहाल एक पंजीकृत राजनीतिक दल नहीं है, इसलिए अयाली पर दल-बदल कानून के तहत तत्काल अयोग्यता का खतरा नहीं माना जा रहा। हालांकि, शिरोमणि अकाली दल उनके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर सकता है।

'कई नेता मेरे फैसले का इंतजार कर रहे थे'
मनप्रीत अयाली ने दावा किया कि कई राजनीतिक नेता और समर्थक उनके इस फैसले का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में वारिस पंजाब दे में कई बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं।

अयाली ने कहा, "वारिस पंजाब दे की जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ बनने जा रही है और आने वाले दिनों में लोग इसका असर देखेंगे। अगले पांच से छह महीनों में कई चर्चित नेता संगठन से जुड़ सकते हैं।"

AAP विधायक को लेकर भी दिए संकेत
आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप के वारिस पंजाब दे नेताओं के साथ देखे जाने संबंधी खबरों पर अयाली ने कहा कि अभी इंतजार करना चाहिए। उन्होंने संकेत दिए कि उनके संगठन से जुड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

पंजाब की राजनीति में बढ़ सकती है WPD की पकड़
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मनप्रीत अयाली जैसे प्रभावशाली नेता का संगठन से जुड़ना वारिस पंजाब दे के लिए बड़ा राजनीतिक लाभ साबित हो सकता है। आगामी चुनावों से पहले संगठन अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।


Back to top button