.

बिखरी नहीं हमारी पार्टी; याद रखना, एक दिन कांग्रेस ही भाजपा को हराएगी: राहुल गांधी | ऑनलाइन बुलेटिन डॉट इन

जयपुर | [राजस्थान बुलेटिन] | ”कांग्रेस बिखर गई, यह कहना गलत है। राजस्थान में कांग्रेस एकदम सही है। आने वाले समय में कांग्रेस ही भाजपा को हराएगी। भाजपा और आरएसएस का काम ही कांग्रेस को बदनाम करना है। हमारी विचारधारा भाजपा और आरएसएस के खिलाफ है।” राजस्थान के जयपुर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही एक दिन बीजेपी को हराने वाली है। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने उक्त बातें कही।

 

Online bulletin dot in राहुल गांधी ने एक बार फिर से जानबूझकर उनकी छवि को खराब किए जाने की बात को दोहराया। उन्होंने कहा, ”व्यक्तिगत रूप से मेरे और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ व्यवस्थित तरीके से कैंपेन चलाया गया। बीजेपी द्वारा प्रचारित किया गया कि पार्टी खत्म हो रही है। कांग्रेस एक वैचारिक पार्टी है और फासीवाद के खिलाफ मजबूती से खड़ी हुई है।”

 

कांग्रेस सांसद ने प्रेस वार्ता में आगे कहा, ”मेरे शब्द याद रखें, कांग्रेस पार्टी ही बीजेपी को हराएगी।” राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच हालिया समय में हुए विवाद पर राहुल गांधी ने कहा कि हमारी पार्टी में कोई भी कन्फ्यूजन नहीं है। हमारी पार्टी ऐसी चीजें होती रहती हैं। कोई भी दिक्कत नहीं है।

 

हमने देखा कि सिर्फ पार्टी के कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि आम जनता भी कांग्रेस को बहुत प्यार करती है। उन्होंने कहा कि आलोचकों को लगा था कि राजस्थान में गुटबाजी के कारण ‘भारत जोड़ो यात्रा’ विफल हो जाएगी, लेकिन यहां इसे एक बड़ी सफलता मिली है।

 

राहुल गांधी ने आगे कहा कि यदि कुछ लोगों में बीजेपी का मुकाबला करने का साहस नहीं है, तो उनका पार्टी छोड़ने के लिए स्वागत है। हमें कांग्रेस में विश्वास रखने वाले लोगों की जरूरत है। वहीं, अगले साल होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस सांसद ने दावा किया कि यदि हम अपने कार्यकर्ताओं का सदुपयोग करें, तो हम राजस्थान में कांग्रेस की भारी जीत सुनिश्चित कर सकेंगे।

 

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 100 दिन पूरे हुए

 

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 100 दिन पूरे हो गए हैं और यात्रा अब भी जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने लोगों से जुड़े मुद्दों को उजागर किया है। राहुल, वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को यहां मीना उच्च न्यायालय से यात्रा के सुबह के चरण की शुरुआत की।

 

पदयात्रियों के साथ कदमताल करते वेणुगोपाल ने कहा, ”भारत जोड़ो यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसके माध्यम से देश के आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उजागर किया गया है।” उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी की छवि को खराब करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कोशिश को भी हमने बर्बाद कर दिया है।”

 

8 राज्यों से गुजर चुकी है ‘भारत जोड़ो यात्रा

 

कांग्रेस महासचिव (संगठन) ने इस बात पर भी जोर दिया कि यात्रा का संदेश 26 जनवरी से पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले एक अन्य अभियान के माध्यम से फैलाया जाएगा। कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने अब तक 8 राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है।

 

2,800 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर चुके राहुल अपने समर्थकों के साथ-साथ आलोचकों का भी ध्यान आकर्षित करने में कामयाब रहे हैं। विवाद भी यात्रा का हिस्सा रहे हैं और कांग्रेस तथा भाजपा ने कई मौकों पर एक-दूसरे की आलोचना की है।

 

यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और लगभग 8 दिनों के विराम के बाद उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और अंत में जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ेगी।

 

ये भी पढ़ें:

‘पठान’ में दीपिका की भगवा बिकिनी विवाद पर बोलीं बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा- पेट पर लात मारो और धंधे उजाड़ दो…शाहरुख बोले- दुनिया कुछ भी कर ले, हम जैसे लोग ‘जिंदा’ रहेंगे | ऑनलाइन बुलेटिन डॉट इन

 


Back to top button