.

तेज हुई लोकसभा चुनाव की तैयारी , पूरे मध्यप्रदेश का करेंगे दौरा करेंगे दिग्विजय सिंह

( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री , कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह लोकसभा चुनावों को लेकर सक्रीय हो गए हैं। दो दिन पूर्व ही वे एससी एसटी वर्ग के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होने रीवा पहुंचे थे। उसके बाद वे आज राजगढ़ जिले की नरसिंहगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के मंडलम, सेक्टर, बीएलए व कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए।

राजगढ़ जिला कांग्रेस ने चार अलग अलग क्रम में बैठके आयोजित की जिससे पूर्व सीएम ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं के सुझाव और शिकायतों को सुन सके। पहले क्रम में नरसिंहगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के 22 मंडलम अध्यक्षों की बैठक में उपस्थित अध्यक्षों ने पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह  से सीधा संवाद किया। उसके बाद 44 सेक्टर अध्यक्षों की बैठक में  अध्यक्षों ने चुनाव में प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों द्वारा भाजपा को मदद किए जाने की शिकायतों के साथ अपनी सभी बातें रखी। तीसरे क्रम में 279 बीएलए की बैठक में बूथ एजेंट ने पूर्व सीएम से चुनाव के अपने कड़वे अनुभव साझा किए। बूथ कार्यकर्ताओं ने कहा कि जो परिणाम आए उसका उन्हे जरा भी अंदाजा नहीं था क्योंकि उन्होंने घर घर जाकर प्रचार किया। अधिकांश कार्यकर्ता ईव्हीएम मशीन से चुनाव के बहिष्कार की पैरवी करते नजर आए। चौथे क्रम की बैठक में नरसिंहगढ़ विधानसभा के समस्त कार्यकर्ताओं की आम बैठक में पूर्व सीएम ने कार्यकर्ताओं को मंच पर बुलाकर अपनी बात रखने के लिए कहा।

कार्यकर्ताओं कीबैठक को पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, पूर्व सांसद नारायण सिंह आमलाबे, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह, व जिला अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित ने संबोधित किया।
कार्यकर्ताओं के सुझाव सुनने के बाद सांसद श्री  सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान उनकी भावनाओं को महसूस किया है।
 उन्होंने  कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे हमेशा सबके  साथ खड़े हैं। यदि कोई भाजपा नेता, अधिकारी , कर्मचारी , कार्यकर्ताओं को परेशान करे तो तुरंत उन्हे बताएं।
 वे आवश्यक कार्यवाही करेंगे और हर स्तर पर उनकी लड़ाई लड़ेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह  ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से कहा कि राजगढ़ लोकसभा चुनाव के लिए वे योग्य प्रत्याशियों के नाम जिला अध्यक्ष व शीर्ष नेताओं को भेजें।


Back to top button