.

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा’ 19 फरवरी को अमेठी पहुंचेगी

अमेठी
कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही 'भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा' यूपी से होकर भी गुजरेगी। 19 फरवरी को न्‍याय यात्रा उनके पूर्व संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचेगी। राहुल इस दौरान कई जनसभाओं को भी सम्‍बोधित करेंगे। इसके लिए व्‍यापक स्‍तर पर तैयारियां की जा रही हैं। करीब दो साल बाद राहुल गांधी अमेठी आएंगे। कांग्रेस के जिला महासचिव अनिल सिंह ने बताया कि कांग्रेस की यात्रा 19 फरवरी को प्रतापगढ़ जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अठेहा से निकलकर अमेठी विधानसभा के ककवा में दाखिल होगी। इसके बाद यह यात्रा महाराजपुर होते हुए अमेठी, गौरीगंज, गांधीनगर, जायस और फुरसतगंज के रास्ते रायबरेली रवाना हो जाएगी।
 

इस दौरान राहुल गौरीगंज के बाबूगंज सगरा आश्रम के पास एक बड़ी जनसभा को सम्‍बोधित करेंगे। इसके अलावा वह यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसमूह को सम्‍बोधित करेंगे। वह फुरसतगंज में रात्रि विश्राम भी करेंगे। उन्‍होंने बताया कि यात्रा को सफलतापूर्वक सम्‍पन्‍न कराने के लिये पार्टी व्यापक रूपरेखा तैयार कर रही है। यात्रा को लेकर पार्टी के नेताओं एवं लोगों में खासा उत्साह है। यात्रा को सफल बनाने के लिये बड़े पैमाने पर भीड़ जुटाने की योजना है।

2019 में स्‍मृति इरानी से हार गए थे राहुल

अमेठी के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और आम जनता उम्मीद लगाए है कि इस यात्रा के दौरान राहुल अमेठी से अगला लोकसभा चुनाव लड़ने का कोई न कोई संकेत देंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पूर्व में यह दावा कर चुके हैं कि राहुल अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अब तक गांधी परिवार की तरफ से इस संबंध में कोई भी संकेत नहीं दिया गया है। राहुल गांधी वर्ष 2002 से 2019 तक अमेठी से सांसद रह चुके हैं। वह वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे। राहुल गांधी आखिरी बार 25 फरवरी, 2022 को अपनी बहन प्रियंका के साथ अमेठी के दौरे पर आए थे। राहुल ने प्रियंका के साथ मुसाफिरखाना में विधानसभा चुनाव के पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया था।

रायबरेली में मिलेंगे अखिलेश यादव

इसके अलावा राहुल ने अमेठी विधानसभा क्षेत्र के विशेश्वरगंज में कांग्रेस उम्मीदवार के लिये भी रैली करके वोट मांगे थे। राहुल करीब दो साल तक अमेठी से दूर रहने के बाद 19 फरवरी को एक बार फिर अमेठी आ रहे हैं। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्‍याय यात्रा’ पिछले महीने 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी। यह यात्रा आगामी 16 फरवरी को चंदौली के रास्‍ते उत्‍तर प्रदेश में दाखिल होगी। यह यात्रा उत्‍तर प्रदेश में करीब 11 दिन रहेगी और लगभग 20 जिलों से होकर गुजरेगी। समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव रायबरेली में इस यात्रा में शामिल होंगे।


Back to top button