व्हील चेयर फेंसिंग वर्ल्ड कप 2021 में रोहिणी साहू का शानदार प्रदर्शन, कलेक्टर डॉ. मित्तर ने किया उत्साहवर्धन l Onlinebulletin.in

बिलासपुर l onlinebulletin.in l onlinebulletin l अपने बुलंद हौसले एवं अपनी प्रतिभा के चलते इटली के पीसा में आयोजित व्हील चेयर फेंसिंग वर्ल्ड कप 2021 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विकासखंड बिल्हा के ग्राम खमतराई निवासी सुश्री रोहिणी साहू ने व्यक्तिगत स्पर्धा में 5 वा स्थान प्राप्त किया है।
अपने बुलंद हौसले के साथ कुछ कर गुजरने की तमन्ना से उन्होंने अपनी पहचान खुद बनाई है। कलेक्टर डॉ. सारांश मित्तर ने उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सुश्री साहू ने आज कलेक्टोरेट कक्ष में कलेक्टर डॉ. मित्तर से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि रोहिणी ने अपने खेल प्रदर्शन से बिलासपुर जिले को गौरान्वित किया है। उन्होंने रोहिणी को खेल किट के लिए सीएसआर मद से 5 लाख रूपए दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर सुश्री साहू जन शिक्षण संस्थान में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। उनके परिवार में 7 सदस्य है। उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए बहुत मेहनत की है, इसके लिए उन्होंने कोचिंग भी ली है।












