सहरसा-बिहार में स्कूल जा रहे शिक्षक की गोली मार कर हत्या

सहरसा.

बिहार के सहरसा में शुक्रवार को स्कूल जा रहे एक शिक्षक की गोली मार हत्या कर दी गई। गोली शिक्षक के पंजरे में लगी है। मृतक की तथाकथित पत्नी ने गोली मारे जाने के पीछे घर में जमीन को लेकर भाई, बहन और माता-पिता के बीच विवाद को कारण बताया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया व हत्या के कारणों की जांच में जुट गई है। मृत शिक्षक की पहचान बरियाही बाजार के स्थायी निवासी सरोज कुमार (45) के तौर पर हुई है।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षक सरोज कुमार पिछले कुछ दिनों से सहरसा शहर के पंचवटी स्थित एक किराए के घर में तथाकथित पत्नी के साथ रहता था। सरोज गांधी पथ पर घर का निर्माण भी करा रहा था। शुक्रवार की सुबह सरोज अपनी पत्नी को गांधी पथ के प्लॉट पर पहुंचाकर बाइक से बरियाही के सफावाद स्थित मिडल स्कूल जा रहा था। रहुआ नहर पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर दो फायर कर दिए, गोली लगते ही घटनास्थल पर उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता बाल मुकुंद गुप्ता ने बताया कि सरोज की अभी शादी ही नहीं हुई है। वह रूपा के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था।


Back to top button