अवैध कब्जों पर कड़ी कार्रवाई, निगम बोले: नहीं हटाए तो खुद करेंगे और वसूली भी

चंडीगढ़
चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने नगर निगम के विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शहर में अवैध स्ट्रीट वेंडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बी एंड आर, सैनिटेशन और इंफोर्समेंट विंग सहित निगम के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। मेयर ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए अधिकारियों को एक्शन मोड में आने को कहा और स्पष्ट किया कि अवैध रेहड़ी-फड़ी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, फुटपाथों और बाजारों में अवैध कब्जा करने वाले वेंडरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और सफाई व सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।
बैठक में बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल वही स्ट्रीट वेंडर निर्धारित वेंडिंग जोन में कारोबार कर सकते हैं, जिनके पास स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट, 2014 के तहत जारी वैध प्रमाण पत्र हैं। मेयर ने इंफोर्समेंट विंग को निर्देश दिए कि अवैध वेंडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान तेज किया जाए तथा गैर-निर्धारित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी न लगने दी जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
मेयर ने सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल वही स्ट्रीट वेंडर्स निर्धारित वेंडिंग जोन में कार्य कर सकते हैं, जिनके पास स्ट्रीट वेंडर्स (आजीविका संरक्षण एवं स्ट्रीट वेंडिंग विनियमन) अधिनियम, 2014 के तहत जारी वैध प्रमाणपत्र और पंजीकरण हो। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने अतिक्रमण रोकने, पैदल यात्रियों के अधिकारों की रक्षा करने और वैध वेंडर्स की आजीविका के संतुलन के साथ शहरी व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।
मेयर सौरभ जोशी ने इंफोर्समेंट विंग को अवैध वेंडिंग के खिलाफ अभियान तेज करने, अतिक्रमणों को तुरंत हटाने तथा गैर-निर्धारित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अनधिकृत वेंडिंग नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निरंतर निगरानी और नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। मेयर ने कहा कि अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी और अवैध कब्जों के कारण शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सार्वजनिक सुरक्षा प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधा, सुचारु यातायात व्यवस्था और शहर की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मनीमाजरा में विभाग मेहरबान
मनीमाजरा में इंफोर्समेंट विभाग फुटपाथ पर चल रहे अवैध रेहड़ी- फड़ी बाजार को लेकर दरियादिली दिखा रहा है। बस स्टेंंड और आसपास फड़ी और गोल गप्पे वाले अवैध कब्जा करके बैठे है। इसके अलावा राणा हवेली, शांति नगर, पिपली वाला टाउन, मौली जागरां कांप्लेक्स, हाऊसिंग बोर्ड चौक व मनीमाजरा ओल्ड रोपड़ रोड पर सरेआम अवैध अतिक्रमण होने से सड़क पर जाम लगा रहता है। लोगों का कहना है नगर निगम की ओर से तैनात कर्मी यहां कोई कार्यवाही नहीं करते।










