.

सर्वे: राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भगवा दल ने प्रचंड बहुमत हासिल किया, अब लोकसभा चुनाव में किसका जलवा

नई दिल्ली
साल 2023 के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन हिंदी बेल्ट वाले राज्यों में डंका बजाया था। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भगवा दल ने प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इन राज्यों के चुनाव को तब अगले साल होने जा रहे लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताया गया था। ऐसे में अब लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले एक सर्वे आया है। सर्वे के मुताबिक, जिन तीन राज्यों में पिछले साल कमल खिला था, वहां इस साल भी कमल खिलने की भविष्यवाणी की गई है।

लोकसभा चुनाव में भी भाजपा का जलवा
दरअसल, पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मध्य प्रदेश में 163, राजस्थान में 115 और छत्तीसगढ़ में 54 सीटों पर कब्जा किया था। इनमें से दो राज्यों (राजस्थान और छत्तीसगढ़) में कांग्रेस की सरकार थी। ऐसे में तीनों राज्यों में कमल खिलाने के बाद भाजपा ने तीन नए चेहरों को मुख्यमंत्री बनाया। भगवा दल का यह दांव कामयाब दिख रहा है। 'इंडिया टुडे सी वोटर' सर्वे के मुताबिक, लोकसभा चुनाव में इन तीन राज्यों में से एक में तो कांग्रेस का खाता खुलता भी नजर नहीं आ रहा है।

रेगिस्तान में खिलेगा कमल
सर्वे के मुताबिक, राजस्थान लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज कर सकती है। भगवा दल को 58.6 फीसदी वोट मिल सकते हैं। वहीं कांग्रेस के खाते में 35.4 फीसदी वोट जा सकते हैं। अन्य को 6 फीसदी वोट मिल सकते हैं। बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राजस्थान में 24 सीटों पर कब्जा किया था।  

मध्य प्रदेश में क्या हाल?
सर्वे के मुताबिक, मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव में कुल 29 में से 27 सीटों पर भाजपा कब्जा कर सकती है। वहीं कांग्रेस के खाते में केवल 2 सीटें जा सकती हैं। बात अगर वोट शेयर की की जाए तो भाजपा को 58.2 फीसदी वोट मिल सकता है। वहीं कांग्रेस के खाते में 38.2 फीसदी वोट जा सकते हैं। बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में एमपी में कांग्रेस ने केवल एक सीट पर जीत दर्ज की थी।  

छत्तीसगढ़ में भी भाजपा लहर
सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव में कुल 11 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की गई है। वहीं केवल एक सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। भाजपा को 53.9 फीसदी वोट मिल सकते हैं और कांग्रेस को 38.2 फीसदी वोट मिलने की भविष्यवाणी की गई है।


Back to top button