.

टोकियो ओलिंपिक 2021 : हाकी में सुमित वाल्मीकि ने जीते ब्रांस मैडल, सीएम मनोहर लाल ने किया ये ऐलान | Newsforum

नई दिल्ली | सुमित वाल्मीकि ने टोकियो ओलिंपिक में बड़ा कमाल कर दिया है। उन्होंने अपनी मेहनत व अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में कांस्य पदक डाल दिया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीयों का सीना 56” का कर दिया है।

 

टोक्यो ओलिंपिक में नाम चमकाने वाले हरियाणा के मशहूर खिलाड़ी सुमित वाल्मीकि के लिए हरियाणा सरकार ने बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हॉकी में सुमित वाल्मीकि ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया है। पूरे देश-प्रदेश और खिलाड़ी सुमित वाल्मीकि को बधाई दे रहे हैं। अच्छे प्रदर्शन के कारण ही सुमित वाल्मीकि को कांस्य पदक मिला है।

 

प्रदेश सरकार की तरफ से सुमित वाल्मीकि को ढाई करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा। खेल विभाग में नौकरी दी जाएगी और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में 50 परसेंट कन्सेशन पर प्लॉट दिया जाएगा।

 

बचपन से ही खेल के प्रति विशेष रूझान रखने वाले सुमित वाल्मिकी ने कड़ी मेहनत करते हुए टोकियो ओलिंपिक में अपना स्थान बनाया। उनके प्रति देश को पहले से ही बड़ी उम्मीदें थी। वे स्कूल जीवन से ही खेल में रूचि रखते थे। हरियाणा से होने के कारण उनका हॉकी के प्रति रुझान था। बचपन में उन्होंने अपने दोस्तों व पास-पड़ोस के बच्चों के साथ हॉकी खेलना शुरू किया। और जल्द ही इसमें वे पारंगत हो गए।

 

गरीब-मध्यम परिवार से ताल्लुक रखने वाले सुमित वाल्मिकी को अभ्यास जारी रखने के लिए विषम परिस्थितियों से होकर गुजरना पड़ा लेकिन उन्होंने अभ्यास जारी रखा। खेल के प्रति उनका जुनून को देखते हुए परिवार के लोग उनकी पूरी मदद कर रहे थे। वे जिला स्तर से लेकर राज्य व नेशनल लेवल की अनेक प्रतियोगिताएं जीत चुके हैं।

 

बचपन से ही हॉकी के प्रति रुचि रखने वाले सुमित वाल्मिकी ने देशभर में अनेक मैडल, शील्ड व पुरस्कार प्राप्त किए हैं। इसके कारण उनका घर मैडल, शील्ड, पुरस्कारों व प्रमाण पत्रों से अटा पड़ा है। घर का ऐसा कोई भी कोना नहीं है जहां उनके दमकदार मैडल उनकी उपलब्धियों का बखान न कर रहे हों। बचपन से ओलिंपिक में स्थान बनाने का सपना संजोए सुमित वाल्मिकी ने आज वह मुकाम हासिल कर लिया। जिससे उनके समाज सहित देशभर के लोगों का सीना चौड़ा हो गया है।


Back to top button