.

विश्व के कई देशों में संघर्ष और युद्ध पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरस ने जताई चिंता

रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में संरा सुरक्षा परिषद 'पूरी तरह से निष्प्रभावी' क्यों रही: भारत

विश्व के कई देशों में संघर्ष और युद्ध पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरस ने जताई चिंता

इजराइली दूतावास के बाहर आत्मदाह करने वाले अमेरिकी वायुसैनिक की मौत

संयुक्त राष्ट्र
भारत ने बहुपक्षवाद को प्रभावी बनाने के लिए पुराने ढांचों में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए सवाल किया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद दो साल से लगातार जारी रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने में ''पूर्णतय: निष्प्रभावी'' क्यों रही।

संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने 24 फरवरी, 2022 को शुरू हुए यूक्रेन युद्ध के दो साल पूरे होने पर संयुक्त राष्ट्र महासभा की पूर्ण बैठक में यह सवाल किया।

कंबोज ने कहा, ''संघर्ष दो साल से लगातार जारी है। ऐसे में संयुक्त राष्ट्र सदस्यों को थोड़ा रुककर स्वयं से दो अहम सवाल पूछने चाहिए।''

उन्होंने कहा, ''क्या हम किसी संभावित, स्वीकार्य समाधान के करीब हैं? और यदि नहीं, तो ऐसा क्यों है कि संयुक्त राष्ट्र प्रणाली, विशेष रूप से इसके प्रमुख अंग- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने का जिम्मा दिया गया है? वह इस जारी संघर्ष के समाधान में पूरी तरह से निष्प्रभावी क्यों रहा है?''

महासभा ने पिछले शुक्रवार को 'यूक्रेन के अस्थायी रूप से कब्जे वाले क्षेत्रों में स्थिति' पर चर्चा की थी।

कंबोज ने सोमवार को इस चर्चा के फिर से शुरू होने पर संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि बहुपक्षवाद को प्रभावी बनाने के लिए ''पुरानी एवं पुरातन संरचनाओं में सुधार और उनके पुनर्निमाण की आवश्यकता है, अन्यथा उनकी विश्वसनीयता हमेशा कम होती रहेगी और जब तक हम इस प्रणालीगत दोष को दूर नहीं कर लेते, हम निष्प्रभावी बने रहेंगे।''

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस बयान को दोहराया कि यह ''युद्ध का युग' नहीं है। मोदी ने सितंबर 2022 में समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात के दौरान यह बात कही थी।

कंबोज ने महासभा में कहा कि भारत यूक्रेन में स्थिति को लेकर लगातार चिंतित है। उन्होंने कहा, 'हमने लगातार यह रुख अपनाया है कि कोई भी समाधान मानव जीवन की कीमत पर कभी नहीं निकल सकता। शत्रुता और हिंसा का बढ़ना किसी के हित में नहीं है।''

उन्होंने कहा कि भारत ने शुरू से ही आग्रह किया है कि शत्रुता को शीघ्र समाप्त करने और बातचीत एवं कूटनीति के रास्ते पर तत्काल वापसी के लिए सभी प्रयास किए जाने चाहिए।

कंबोज ने इस बात पर जोर दिया कि संघर्षों और मतभेदों को सुलझाने के लिए बातचीत ही ''एकमात्र रास्ता'' है, भले ही यह रास्ता वर्तमान में कितना भी दुर्गम क्यों न लगे।

उन्होंने कहा, ''हमें ऐसे कदमों से बचने की जरूरत है जो बातचीत और बातचीत की संभावना को खतरे में डालते हैं।''

कंबोज ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष के प्रति भारत का दृष्टिकोण जन-केंद्रित रहेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत यूक्रेन को मानवीय सहायता और आर्थिक संकट का सामना कर रहे 'ग्लोबल साउथ' में अपने कुछ पड़ोसियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है।

'ग्लोबल साउथ' में अल्प विकसित और विकासशील देश आते हैं जिनमें से अधिकतर दक्षिणी गोलार्द्ध में स्थित हैं।

कंबोज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को विकास संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए साझा उद्देश्यों और इन उद्देश्यों को हासिल करने के लिए आवश्यक साझेदारी एवं सहयोग पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए।

विश्व के कई देशों में संघर्ष और युद्ध पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटेरस ने जताई चिंता

जिनेवा
गाजा, यूक्रेन, कांगो, म्यांमार और सूडान समेत विश्व के भागों में जारी संघर्ष, युद्ध और हिंसा पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने चिंता जताई है।

गुटेरस ने कहा है कि इन युद्धों-हिंसा में कई देश प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से शामिल हैं। इसलिए हर बीतते दिन के साथ वैश्विक सुरक्षा की स्थिति कमजोर हो रही है।

ऐसे हालात में संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने पूरे विश्व में मानवाधिकारों और शांति की स्थिति का सम्मान करने की आवश्यकता जताई है। गुटेरस ने यह बात संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के उद्घाटन सत्र में कही है। गुटेरस ने गाजा और यूक्रेन को लेकर सुरक्षा परिषद में बनी अनिर्णय की स्थिति को चिंतनीय बताया।

गुटेरस ने कहा कि दोनों स्थानों पर स्थिति विस्फोटक बनी हुई है लेकिन सुरक्षा परिषद वहां पर कुछ भी कर पाने में सक्षम नहीं है। वहां पर सदस्य देशों के हितों का टकराव जमीनी हालात बिगाड़ रहा है।गुटेरस ने कहा, विश्व तेजी से बदल रहा है। विभिन्न मुद्दों पर हो रहा टकराव अनिश्चितता बढ़ा रहा है। इस स्थिति में मानवाधिकारों का हनन हो रहा है जिससे शांति को खतरा पैदा हो रहा है। इससे विश्व के सबसे ज्यादा गरीब देशों की मुश्किलें बढ़ रही हैं और पर्यावरण सुधार के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर असर पड़ रहा है।

इस दौरान गुटेरस ने गाजा में मानवाधिकारों की स्थिति की खासतौर पर चर्चा की। इस मौके पर मानवाधिकार परिषद के प्रमुख वाकर तुर्क ने संयुक्त राष्ट्र और उसके संगठनों के कार्यों को कम करके आंकने और उनके महत्व को कम करने वाले प्रयासों की निंदा की। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र अंधेरे में रास्ता दिखाने वाले प्रकाश पुंज की तरह है।

इजराइली दूतावास के बाहर आत्मदाह करने वाले अमेरिकी वायुसैनिक की मौत

कहा- अब नरसंहार में शामिल नहीं होगा वह

वाशिंगटन
अमेरिका में स्थित इजराइली दूतावास के बाहर आत्मदाह करने वाले अमेरिकी वायुसैनिक की सोमवार को मौत हो गई। वायुसेना कर्मी ने रविवार को यहां स्थित इजराइली दूतावास के बाहर यह कहते हुए खुद को आग लगा ली कि वह ''अब नरसंहार में शामिल नहीं होगा।''

मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने बताया कि मृतक की पहचान 25 वर्षीय आरोन बुशनैल के रूप में हुई। एक अधिकारी ने बताया कि वायुसेना कर्मी रविवार को अपराह्न एक बजे से कुछ देर पहले दूतावास पहुंचा और वीडियो स्ट्रीमिंग मंच 'ट्विच' पर उसने 'लाइव-स्ट्रीमिंग' (सीधा प्रसारण) शुरू कर दी। अधिकारियों का मानना है कि व्यक्ति ने लाइवस्ट्रीम शुरू करने के बाद अपना फोन नीचे रखा और फिर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग लगा ली। आग लगाते समय वायुसेना कर्मी ने कहा कि वह "अब नरसंहार में शामिल नहीं होगा।''

यह घटना तब हुई, जब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू दक्षिणी गाजा शहर रफह में एक सैन्य अभियान के लिए कैबिनेट की मंजूरी मांग रहे हैं, जबकि एक अस्थायी संघर्ष विराम समझौते पर भी बातचीत चल रही है। हालांकि, गाजा में इजराइल के सैन्य हमले की आलोचना हुई है। इजराइल पर फलस्तीनियों के खिलाफ नरसंहार के आरोप भी लगाए गए हैं।

 


Back to top button