.

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई में आप ने भाजपा के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया

नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुआई में आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ पार्टी दफ्तर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने भाजपा मुख्यालय की ओर कूच किया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने भाजपा पर जोरदार प्रहार करते हुए उसे 'वोट चोर' बताया और कहा कि अब इसका सबूत मिल गया है। उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सत्ता के लिए देश बेच सकती है, लेकिन उसके पाप का घड़ा भर चुका है।

केजरीवाल ने गीता के श्लोक का जिक्र करते हुए कहा कि पाप बढ़ने पर ऊपर वाला झाड़ू चलाता है। केजरीवाल ने कहा, 'पिछले कुछ सालों से हम लोग अक्सर सुना करते थे कि बीजेपी चुनावों में गड़बड़ करती है। अक्सर आरोप लगते थे कि बीजेपी गड़बड़ करके चुनाव जीतती है, वोटों की चोरी करती है, ईवीएम में हेराफेरी करती है, वोटर लिस्ट से नाम काट देती है, फर्जी नाम जोड़ देती है, फर्जी वोट डलवाती है, लेकिन कभी सबूत नहीं मिला। गीता में एक श्लोक लिखा है- जब जब इस पृथ्वी पर पाप ज्यादा हो जाता है तो ऊपर वाले को पृथ्वी पर आना पड़ता है। ऊपरवाला आसमान में बैठकर अपना झाड़ू चलाता है।'

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के पाप का घड़ा भर चुका है और इसलिए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी वोटों की चोरी करती हुई रंगे हाथों पकड़ी गई। उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा, 'दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में चुने हुए पार्षद वोट डालकर मेयर चुनते हैं। वहां कुल 36 पार्षद हैं। इनमें से 16 बीजेपी के और 20 इंडिया गठबंधन के हैं। जाहिर तौर पर इंडिया गठबंधन का मेयर बनना था। इन्होंने बदमाशी की कि चुनाव अधिकारी बीजेपी कार्यकर्ता को बना दिया। उसने वोट तो डलवाई लेकिन जब काउंटिंग करने बैठा तो सभी पार्टियों के अजेंट को भगा दिया। काउंटिंग करते समय इंडिया गठबंधन के 8 वोट रद्द कर दिए। हमारे 20 वोट थे, 8 रद्द कर दिए तो हमारे 12 वोट पड़े। सारे हमारे वोट ही रद्द हो गए। अंदर से एक हमें कर्मचारी ने बताया है कि उनके 13 ही वोट पड़े थे। किसी को नहीं पता किसके कितने वोट पड़े। उस अधिकारी ने नतीजा घोषित कर दिया।'

केजरीवाल ने कहा कि वहां चारों तरफ कैमरे लगे थे। उसमें अधिकारी वोट काटते हुए कैद हो गया। आप संयोजक ने कहा, 'चंड़ीगढ़ के चुनाव में मेयर हमारा बनता या उनका, यह जरूरी नहीं है। चुनाव आते जाते रहते हैं, पार्टियां आती जाती रहती हैं। नेता आते-जाते रहते हैं। देश के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। इन्होंने चुनाव के साथ खिलवाड़ करना शुरू किया है। यदि ये चंडीगढ़ चुनाव में गड़बड़ी कर सकते हैं तो विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कितनी गड़बड़ी करते होंगे। इनके लिए देश और जनतंत्र जरूरी नहीं है, ये सत्ता के लिए देश बेच सकते हैं। हम जनतंत्र से खिलवाड़ नहीं होने देंगे।'

 


Back to top button