मध्यप्रदेश में चक्रवाती तूफान से बदलेगा मौसम, भोपाल-जबलपुर-रीवा में बूंदाबांदी; करवा चौथ पर बारिश के आसार

भोपाल
 मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर प्रदेश के कई हिस्सों में दिखाई देने लगा है। बुधवार को 31 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि भोपाल समेत कई शहरों में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम के इस बदलाव का असर अगले दो से तीन दिनों तक बने रहने की संभावना है।

प्रदेश के पूर्वी जिलों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अधिक प्रभावी रह सकती हैं। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई जिलों में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और धूप निकलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार को सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।

भोपाल में हल्की बारिश तो इंदौर में निकलेगी धूप
इसके अलावा भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। दूसरी ओर, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत 24 जिलों में बुधवार को बारिश का अलर्ट नहीं है। इन क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने और धूप निकलने के आसार हैं।

धार में एक दिन में 4.2 डिग्री गिरा तापमान
चक्रवात के असर के बीच धार में ठंड बढ़ गई है। यहां न्यूनतम तापमान मंगलवार के 15.4 डिग्री से घटकर बुधवार सुबह 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यानी एक दिन में 4.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री रहा था। दिन के तापमान में भी गिरावट की संभावना है।

विंध्य में बादल, मैहर में हुई बूंदाबांदी
सतना सहित विंध्य क्षेत्र में भी मौसम बदल रहा है। बुधवार सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर तक बादल रहने और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मंगलवार को सतना में अधिकतम तापमान 31.4 और न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मैहर में मौसम बदलने के साथ 5 से 7 मिनट तक बूंदाबांदी हुई। बारिश के दौरान सब्जी मंडी में दुकानदार सामान को भीगने से बचाते नजर आए।

झाबुआ में सुबह ठंड, दोपहर में गर्मी
झाबुआ में सुबह और दोपहर के तापमान में अंतर बना हुआ है। 27 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री था, जो 28 अक्टूबर को घटकर 14.4 डिग्री सेल्सियस रह गया। एक दिन में 3.2 डिग्री की गिरावट से सुबह ठंड बढ़ गई है। किसान और सुबह काम पर निकलने वाले सब्जी विक्रेता गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

हालांकि, दिन में तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच रहने से गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को जिले में हल्की बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

कल असर ज्यादा- मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को चक्रवात का असर ज्यादा रहने का अलर्ट जारी किया है। इस दिन पूरे प्रदेश में आंधी, बादल, गरज-चमक और बारिश वाला मौसम बना रहेगा। इसी दिन करवा चौथ भी है।

ऐसे में चांद के दीदार मुश्किल हो सकते हैं। 29 अक्टूबर के दिन 11 जिलों में अति भारी, 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। बाकी, 35 जिलों में बूंदाबांदी का दौर रह सकता है। 30 और 31 अक्टूबर को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा।

धान पर संकट, गेहूं की बुआई प्रभावित होगी
चक्रवात का असर पूर्वी हिस्से में दिखेगा। इस वजह से खेतों में खड़ी धान की फसल प्रभावित होगी। जबलपुर संभाग के बालाघाट, छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में धान की फसल ली जाती है।

रीवा संभाग में गेहूं की बुआई में किसान लगे हैं। यह भी प्रभावित हो सकती है। प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में खरीफ की प्रमुख फसलें धान, सोयाबीन, मक्का, उड़द, अरहर, तिल और कुछ क्षेत्रों में मोटे अनाज हैं।

पूर्वी हिस्से में अच्छा बरसा है मानसून
बता दें कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान पूर्वी हिस्से में ही सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई थी। चक्रवात का असर भी यहीं पर दिखाई देगा। इससे भूमिगत जलस्तर को फायदा मिलेगा।

शाजापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री से नीचे
अति भारी या भारी बारिश की चेतावनी से पहले प्रदेश में रात में ठंडक बढ़ गई है। बीती रात प्रदेश के शाजापुर के गिरवर इलाके में न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी में 13.8 डिग्री, रायसेन में 14.5 डिग्री, कटनी के करौंदी में 14.7 डिग्री और दमोह में 15 डिग्री सेल्सियस रहा।

इधर, दिन का तापमान 35 डिग्री तक चल रहा है। उज्जैन, भोपाल के बैरसिया, धार, खंडवा, खजुराहो, सागर, मंदसौर और नीमच के मरुखेड़ा में पारा 34.3 डिग्री से 35 डिग्री के बीच चल रहा है।

करवा चौथ पर बादल बन सकते हैं परेशानी
मौसम का यह बदलाव करवा चौथ के त्योहार पर भी असर डाल सकता है। 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन 11 जिलों में अति भारी और नौ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है। करवा चौथ पर महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को चंद्र दर्शन के बाद व्रत खोलती हैं। ऐसे में आसमान में बादल छाए रहने पर चांद देखने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, अलग-अलग शहरों में चंद्र दर्शन की स्थिति वहां के स्थानीय मौसम और बादलों की मौजूदगी पर निर्भर करेगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 और 31 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह सामान्य होने की संभावना नहीं है। कई इलाकों में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। ऐसे में अगले कुछ दिन मध्य प्रदेश के मौसम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहेंगे।


Back to top button