.

तीसरी लहर में पहली बार भारत में मिले 1,07,848 नए मरीज; महाराष्ट्र में 36 हजार, दिल्ली में 15 हजार से ज्यादा लोग पॉजिटिव l ऑनलाइन बुलेटिन

नई दिल्ली l (नेशनल बुलेटिन) l भारत में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर अब रफ्तार पकड़ने लगी है। गुरुवार 6 जनवरी 2022 की रात 8 बजे तक भारतभर में 1 लाख 7 हजार 848 कोरोना संक्रमित मामलो के नए केस दर्ज किए गए। भारत में तीसरी लहर शुरू होने के बाद पहली बार 24 घंटे के भीतर नए केस का आंकड़ा 1 लाख के पार हुआ है। महाराष्ट्र (36,265) और दिल्ली (15,097) दो ऐसे राज्य हैं, जहां देशभर में मिले नए कोरोना मरीजों के कुल आधे संक्रमित हैं।

 

भारत में गुरुवार को 29,675 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 290 ने जान गंवाई है। एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3 लाख 57 हजार 364 हो गया है।

 

करीब 5 गुना रफ्तार से बढ़ रहा संक्रमण

 

इससे पहले पिछले साल 1 दिसंबर 2021 को भारत में 9765 नए मरीज मिले थे। 15 दिसंबर 2021 को 7974 केस आए थे। वहीं 31 दिसंबर 2021 को यह आंकड़ा 23 हजार के करीब था। 31 दिसंबर से आज तक का आंकड़ा देखा जाए तो संक्रमितों का आंकड़ा करीब 5 गुना रफ्तार से बढ़ा है।

 

दिल्ली में 3 दिन में 3 गुना रफ्तार के साथ 15 हजार केस

 

दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तीन दिन में तीन गुना हो गई है। 4 जनवरी 2022 को दिल्ली में 5481 मामले आए थे, 5 जनवरी को मामले बढ़कर 10,665 हो गए। 6 जनवरी यानी आज 15,097 केस मिले हैं। आज कोरोना संक्रमित 6 लोगों की जान गई। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 15% हो गया है।

 

मुंबई में रिकॉर्ड 20,181 संक्रमित, 85% मरीजों में कोई लक्षण नहीं

 

इधर, मुंबई में गुरुवार को 20,181 नए संक्रमित केस मिले हैं। 4 मरीजों की मौत भी हुई है। एक्टिव केस की संख्या यहां बढ़कर 79,260 हो गई है। मुंबई में आज 67 हजार लोगों का टेस्ट किया गया जिसमें से 20181 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। यानी आज पॉजिटिविटी रेट 30% दर्ज की गई।

 

चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें से 17154 (85%) मरीजों में कोई लक्षण नहीं मिला है। कल ये आंकड़ा 90% था। वहीं मुंबई स्थित एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में भी रिकॉर्ड 107 मरीज मिले हैं। संक्रमण शुरू होने के बाद यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।


Back to top button