.

भाजपा को संविधान पर भरोसा नहीं, इसलिए टलवाए निगम चुनाव : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल l ऑनलाइन बुलेटिन

नई दिल्ली | (नेशनल बुलेटिन) | भाजपा देश में चुनाव नहीं चाहती है। इस पार्टी को देश के संविधान पर भरोसा नहीं है। यही वजह है कि चुनाव आयोग पर दबाव डालकर दिल्ली नगर निगम के चुनाव टलवा दिए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह बातें दिल्ली विधानसभा बजट सत्र के दौरान गुरुवार को उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान कही। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम शहीद भगत सिंह के सपनों के भारत का निर्माण कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग मुद्दों को लेकर सीधे प्रधानमंत्री पर हमला बोला।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बुधवार को शहीदी दिवस था। पूरे देश ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भगत सिंह, सुखदेव, और राजगुरु को इसी दिन फांसी दी गई थी। उन्होंने देश को आजाद कराने के लिए सबसे बड़ी शहादत दी।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों में दो चमकते सितारे हैं डाक्टर बाबासाहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह। हमें खुशी है दिल्ली सरकार ने अपने दफ्तरों में दोनों की तस्वीर लगाने का फैसला किया। अब पंजाब सरकार ने भी यही फैसला किया है। मुझे लगा था कि विपक्ष इस फैसले पर हमें बधाई देगी, लेकिन विपक्ष घबराया हुआ है।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के लोग डाक्टर अंबेडकर को नहीं मानते हैं। क्योंकि बाबा साहब ने संविधान बनाया है। उस संविधान में चुनाव और जनतंत्र की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संविधान के मुताबिक देश में जनतंत्र है। जनता वोट डालेगी और अपनी सरकार चुनेगी। वह सरकार लोगों के सपनों को पूरा करने का काम करेगी, जो भाजपा को पसंद नहीं है। भाजपा नहीं चाहती की चुनाव की व्यवस्था हो।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा नगर निगम में 15 साल से काबिज है। इस दौरान नगर निगम में खूब भ्रष्टाचार हुए, अब जब राज्य चुनाव आयोग ने मतदान कराने की तारीख तय की तो केंद्र सरकार ने चुनाव रद्द करवा दिए। उन्होंने कहा कि मैं जानना चाहता हूं कि केंद्र में सात साल से भाजपा है, तब ख्याल क्यों नहीं आया। अब चुनाव से ठीक पहले एकीकरण का फैसला क्यों। भाजपा को पता है कि चुनाव हुए तो वो हार जाएगी। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी एक सबसे छोटी पार्टी से डर गई है।

 

कश्मीर फाइल्स को यू ट्यूब पर डालो

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विपक्ष के फिल्म कश्मीर फाइल्स को करमुफ्त करने की मांग पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक फिल्म निर्देशक पूरी भाजपा को बेवकूफ बनाकर करोड़ों कमा रहा है। भाजपा के लोग पोस्टर लगा रहे है। अगर सबको फिल्म दिखानी है तो निर्देशक से कहो कि वह यू ट्यूब पर डाल दे, सब मुफ्त में देख पाएंगे। टैक्स में छूट देने की जरूरत क्या है लेकिन कश्मीरी पंडितों के नाम पर करोड़ों कमाया जा रहा है। केजरीवाल ने कहा कि मैं सभी भाजपा के नेताओं और उनके समर्थकों से अपील करता हूं कि वह अपने दिमाग से सोचें।

 

केंद्र के चुने उपराज्यपाल ने की हमारे काम की तारीफ

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम शहीदों के सपनों के भारत का निर्माण कर रहे हैं। शिक्षा, बिजली, पानी, स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम किया है। हमने बहुत कुछ किया है, अब भी बहुत कुछ करना बाकी है। हमने जो किया है वह सबको दिखाई दे रहा है। खुद केंद्र की ओर से नियुक्त उपराज्यपाल ने अपने अभिभाषण में हमारे कामकाज की तारीफ की है। यही हमारे सरकार की उपलब्धि है। हम हर क्षेत्र में काम कर रहे है।


Back to top button