.

ब्राह्मण चलाते हैं बड़े-बड़े कसाईखाने…. प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो के बयान पर बवाल, विवाद बढ़ने पर मांगी माफी | ऑनलाइन बुलेटिन

रांची | [झारखंड बुलेटिन] | कांग्रेस के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो की ओर से ब्राह्मणों पर कथित रूप से दिए गए बयान से सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। कई ब्राह्मण नेताओं ने जलेश्वर महतो के बयान की तीखी निंदा की है। बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के माटीगढ़ा में गोवर्धन पूजा पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो के भाषण का कुछ अंश एक वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद जलेश्वर महतो ने सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट किया है। बयान जारी कर कहा कि मेरी बातों को तोड़-मरोड़ कर गलत मतलब निकाला गया है।

 

वायरल वीडियो में जलेश्वर कह रहे हैं कि जितने बड़े-बड़े कसाईखाना हैं, वह ब्राह्मण संचालित कर रहे हैं। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। मंच पर कुछ ब्राह्मण भी बैठे हैं।

 

वीडियो में जलेश्वर एक ब्राह्मण की ओर इशारा करते हुए बोलते हैं कि माफ कीजिएगा बाबा। इसमें आप नहीं हैं। उच्च कोटि के लोग यह सब कर रहे हैं। जलेश्वर के इस बयान की ब्राह्मण कल्याण मंच ने तीखी निंदा की है।

 

ब्राह्मण समाज की ओर से घोषणा की गई कि शनिवार को बैठक कर रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन तथा पुतला दहन किया जाएगा। बड़ा पांडेयडीह में कल्याण मंच की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा गया कि जलेश्वर महतो ने ब्राह्मण जाति का अपमान किया है।

 

मंच के अध्यक्ष अरविंद दुबे ने कहा कि जलेश्वर द्वारा ब्राह्मण को देश के बड़े-बड़े कसाईखानों का संचालक कहा जाना आपत्तिजनक है।

 

जलेश्वर; ब्राह्मण समाज से माफी मांगें नहीं तो बाघमारा प्रखंड के हर चौक चौराहे पर उनका पुतला फूंका जाएगा।

 

जलेश्वर ने खेद प्रकट किया

 

वीडियो वायरल होने एवं आलोचना के बाद जलेश्वर महतो ने सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट किया है। बयान जारी कर कहा कि मेरी बातों को तोड़-मरोड़ कर गलत मतलब निकाला गया है। मुझसे कोई भी गलती होती है तो स्वीकार कर लेते हैं। जहां अड़ना चाहिए, वहां अड़ जाते हैं। सामाजिक रूप से लोग इसे प्रचारित कर रहे हैं।

 

जाने-अनजाने में ब्राह्मण समाज को ठेस पहुंची है तो हम सार्वजनिक रूप से खेद प्रकट करते हैं। हम नहीं हमारे पूर्वज ने भी ब्राह्मणों का सम्मान किया है, हम भी करते हैं। हमारे मन में कोई ऐसी बात नहीं है।

 

गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, ‘कांग्रेस के झारखंड कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो राहुल गांधी को कसाई कह कर निशाना बना रहे हैं, क्योंकि राहुल गांधी जी अपने को जनेऊ धारी ब्राह्मण कहते हैं।’

 

धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने कहा, ‘बयान दुर्भागयपूर्ण है। इससे आश्चर्य नहीं हुआ। जलेश्वर महतो का बयान कांग्रेस की सोच को दर्शाता है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं। इसलिए पार्टी के एजेंडे के अनुरूप बोल रहे हैं।’

 

ये भी पढ़ें:

जैसे इंसानों की परत बिछ गई थी… तीन अमेरिकी सोल्जर्स ने बयां की हैलोवीन हादसे की आंखों देखी | ऑनलाइन बुलेटिन

 

 


Back to top button