.

मछली प्रोसेसिंग यूनिट में बड़ा हादसा, दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत, कर्नाटक के मेंगलुरु की घटना | ऑनलाइन बुलेटिन

बेंगलुरु | [कर्नाटक बुलेटिन] | राज्य के मेंगलुरु में मछली प्रोसेसिंग यूनिट में दम घुटने से 5 मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में मारे गए पांचों श्रमिक पश्चिम बंगाल के थे। मेंगलुरु के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना मेंगलुरु विशेष आर्थिक क्षेत्र में मछली प्रसंस्करण इकाई श्री उल्का एलएलपी में रविवार शाम करीब सात बजे हुई।

 

पुलिस आयुक्त ने कहा, “श्रमिकों में से 1 कचरा संग्रह टैंक के अंदर गिर गया और उसके अंदर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए 7 अन्य मजदूर टैंक में घुस गए और वे भी बेहोश हो गए। उन्हें ए जे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां कल रात 3 की मौत हो गई। आज सुबह आईसीयू में 2 अन्य मजदूरों की मौत हो गई।”

 

मारे गए सभी मजदूर बंगाल के रहने वाले

 

पुलिस आयुक्त ने कहा कि मारे गए सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। एन शशि कुमार ने कहा, “हमने प्रबंधक और पर्यवेक्षक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। उत्पादन प्रबंधक रूबी जोसेफ, क्षेत्र प्रबंधक कुबेर गाडे और पर्यवेक्षकों मोहम्मद अनवर और फारुख को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।”


Back to top button