.

अकेले मुंबई में ओमिक्रॉन के 454 मरीज, लॉकडाउन पर यह बोले स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे l ऑनलाइन बुलेटिन

मुंबई (महाराष्ट्र बुलेटिन) l ऑनलाइन बुलेटिन l महाराष्ट्र के अकेले मुंबई में ओमिक्रॉन की संख्या 454 पहुंच गई है। ऐसे में राज्य के स्वास्थ्य अधिकारी ने चेतावनी दी है जनवरी के तीसरे सप्ताह तक शहर में 2 लाख एक्टिव केस होंगे। तो क्या सरकार इन मामलों की चेतावनी को देखते हुए लॉकडाउन पर विचार कर रही है? फिलहाल राज्य में लॉकडाउन के संकेत कम ही नजर आ रहे हैं।

 

जैसे-जैसे महाराष्ट्र में कोविड-19 और ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले बढ़ रहे हैं, राज्य के लोग एक और लॉकडाउन को लेकर चिंतित हो रहे हैं लेकिन क्या राज्य सरकार सच में लॉकडाउन लगाने पर विचार कर रही है?

 

ऐसा हुआ तो महाराष्ट्र में अपने आप लग जाएगा लॉकडाउन!

रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने शनिवार को कहा कि राज्य में लॉकडाउन पर चर्चा नहीं हो रही है। टोपे ने संवाददाताओं से कहा, “लॉकडाउन लगाने को लेकर फिलहाल वर्तमान में कोई चर्चा नहीं हो रही है। सरकार मामलों की संक्रमण दर, अस्पताल में बिस्तर की उपलब्धता और ऑक्सीजन की खपत को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधों के बारे में निर्णय लेगी।”

 

उन्होंने कहा, “यदि दैनिक (चिकित्सा) ऑक्सीजन की आवश्यकता 700 मीट्रिक टन से अधिक हो जाती है, तो राज्य ऑटोमैटिक रूप से लॉकडाउन में चला जाएगा।” टोपे यहां महात्मा गांधी मिशन शैक्षिक ट्रस्ट की 39वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक समारोह में शामिल होने आए थे।

 

सीएम ठाकरे करेंगे बैठक

 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “वर्तमान में हमने सामाजिक समारोहों पर कुछ प्रतिबंध लगाए हैं। अगर यह फैले हुए वायरस को नियंत्रण में लाता है, तो अच्छा है। अन्यथा हमें कड़े प्रतिबंध लगाने होंगे।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे जल्द ही इस संबंध में शीर्ष अधिकारियों की बैठक करेंगे।

 

उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में ओमिक्रॉन और डेल्टा मामलों के सटीक आंकड़ों का पता लगाना महत्वपूर्ण था, और राज्य के प्रत्येक प्रशासनिक प्रभाग में कम से कम एक जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशाला की आवश्यकता थी।

 

राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री विजय वडेट्टीवार ने एक दिन पहले कहा था कि “नया लॉकडाउन” निकट है, लेकिन निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाएगा। महाराष्ट्र ने शुक्रवार को 8,067 नए कोरोनोवायरस मामले दर्ज किए, जो एक दिन पहले की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक है।

 


Back to top button