.

अलीगढ़ पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी, डिफेंस कॉरिडोर के मॉडल का लिया जायजा, कहा- राधाष्टमी पर ब्रज क्षेत्र को मिल रही सौगात | Newsforum

लखनऊ | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में अलीगढ़ पहुंच गए हैं। सबसे पहले उन्‍होंने डिफेंस कॉरिडोर के मॉडल का जायजा लिया। उनके साथ सीएम योगी आदित्‍यनाथ और राज्‍यपाल आंनदीबेन पटेल भी हैं। पीएम यहां राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने आए हैं। थोड़ी देर में लोधा के गांव मूसेपुर में यूनिवर्सिटी की जमीन पर ही वह डेढ़ लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। वे यहां डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड का शिलान्यास भी करेंगे।

 

राजा महेंद्र प्रताप विश्‍वविद्यालय का शिलान्‍यास करने अलीगढ़ आए पीएम मोदी का स्‍वागत करते हुए डिप्‍टी सीएम दिनेश शर्मा ने यूपी में शिक्षा व्‍यवस्‍था के सुधार और इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर खड़ा करने की कोशिशों का विस्‍तार से उल्लेख किया। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य सरकार ने पीएम मोदी के सपनों के अनुरूप यूपी में एजुकेशन सिस्‍टम खड़ा करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

 

शिक्षा के क्षेत्र में होने जा रही बड़े योगदान की शुरुआत

 

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि के शिलान्‍यास कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि इस विश्वविद्यालय की मांग काफी समय से उठती रही है। राजा महेंद्र प्रताप जाट समाज से थे इसीलिए जाट समाज में यह मांग ज़्यादा थी और होनी भी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि इस विवि की प्रधानमंत्री द्वारा आधारशिला रखने के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छे योगदान की शुरुआत होने जा रही है।

 

राजा महेंद्र का शिक्षा के क्षेत्र में था बड़ा योगदान

 

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्‍वविद्यालय के शिलान्‍यास के लिए आ रहे पीएम नरेन्‍द्र मोदी के कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह राज्‍य मंत्री अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि भाजपा किसी जाति को लेकर कोई काम नहीं करती है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह का शिक्षा के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान था उनको सम्मान देने के लिए सरकार यह काम कर रही है।

 

अलीगढ़ विश्‍वविद्यालय के लिए दी थी 3.04 एकड़ जमीन

 

राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के लिए जमीन दी थी। एएमयू का रिकार्ड बताता है कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने 1929 में 1.221 हेक्‍टेयर (3.04 एकड़) जमीन दो रूपए सलाना दर से लीज पर दी थी।

 

92 एकड़ में बनेगी  महेंद्र प्रताप  यूनिवर्सिटी

 

राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी अलीगढ़ की कोल तहसील के गांव लोधा और मूसेपुर करीम जरौली की 92 एकड़ से अधिक जमीन पर बनेगी। इस यूनिवर्सिटी से अलीगढ़ क्षेत्र के करीब 395 कॉलेज संबद्ध होंगे।

 

कार्यकर्ताओं को रोकने पर बिफरे सांसद

 

राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने अलीगढ़ आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। इस बीच कुछ भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोके जाने पर सांसद बिफर गए। उन्‍होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी से कप्‍तान को बुलाने के लिए कहा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जनता के प्रवेश के लिए 38 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। हर द्वार पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

 

 जाटों को साधने की कोशिश

 

विधानसभा चुनाव को देखते हुए पीएम मोदी के आज के दौरे को कई मायनों में महत्‍वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीति‍ के जानकार राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी के शिलान्यास को जाटों को साधने की बीजेपी की कोशिशों से भी जोड़ रहे हैं। वहीं डिफेंस कॉरीडोर के शिलान्यास से भाजपा उद्योग को बढ़ावा देने व रोजगार के अवसर देने का संदेश देना चाहती है।

 

कौन थे राजा महेंद्र प्रताप सिंह 

 

मुरसान के राजा महेंद्र ने देश को आजादी दिलाने के लिए लगभग 34 साल देश से बाहर रहकर संघर्ष किया। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान राजा महेंद्र ने अफगानिस्तान में देश की पहली निर्वासित सरकार का गठन किया था। इस सरकार में वे राष्ट्रपति बनाए गए थे। राजा को आयरन पेशवा के नाम से भी जाना जाता था। देश आजाद होने की मुनादी होने पहले 1946 में महेंद्र प्रताप ने देश की धरती पर कदम रखा। कोलकाता में सरकार पटेल की बेटी ने उनका स्वागत किया था। अब 14 सिंतबर को पीएम नरेन्द्र मोदी अलीगढ़ में उनके नाम पर स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने आ रहे हैं।

 

बारिश ने बढ़ाई अफसरों और बीजेपी नेताओं की टेंशन

 

पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी थी। कल भी रुक-रुककर बारिश होती रही। तीन दिन पहले भी भारी बारिश की वजह से कार्यक्रम स्थल दलदल में तब्‍दील हो गया था। सैकड़ों ट्रक बालू के मैदान में डलवाए गए थे। सोमवार को भी जब सीएम व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे तो करीब आधा घंटे तक हुई तेज बारिश से कार्यक्रम स्थल पर कीचड़ हो गया। मौसम वैज्ञानिकों ने मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई है। मौसम को लेकर अफसरों और भाजपा नेताओं की टेंशन बढ़ी हुई है।

 

रक्षामंत्री, राज्यपाल भी रहेंगे कार्यक्रम में मौजूद

 

प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा सहित कई मंत्री मौजूद रहेंगे।

 

ये है पीएम मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम

 

  • 12 बजे-प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व अन्य विशिष्ट अतिथियों का मंचासीन होना
  • 12 से 12:02 तक- मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री अंगवस्त्र देना
  • 12:02 से 12:06 तक-उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा स्वागत उद्बोधन
  • 12:06 से 12:09 तक-राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनीवर्सिटी का वीडियो क्लिप से प्रदर्शन
  • 12:09 से 12:12 तक-डिफेंस कॉरीडोर अलीगढ़ नोड की प्रगति का प्रदर्शन
  • 12:12 से 12:19 तक- मुख्यमंत्री द्वारा उद्बोधन
  • 12:19 से 12:23 तक-प्रधानमंत्री द्वारा दोनों प्रोजेक्ट का शिलान्यास
  • 12:23 से 13:00 तक-प्रधानमंत्री का संबोधन
  • 13:00 बजे-प्रस्थान

 

कार्यक्रम में शामिल होंगे डेढ़ लाख लोग

 

पीएम मोदी करीब 12 बजे हवाई मार्ग से सीधे लोधा के गांव मूसेपुर में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी मेक इन इंडिया के तहत डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (अलीगढ़ नोड) व राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग डेढ़ लाख लोग शामिल होंगे।


Back to top button