.

राम भी पैदल चले थे, दोनों के नाम में ‘रा’, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष ने की राहुल गांधी की भगवान से तुलना | ऑनलाइन बुलेटिन

नई दिल्ली | [नेशनल बुलेटिन] | राहुल गांधी इन दिनों पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की अगुआई कर रहे हैं। इन दिनों उनका कारवां कर्नाटक में है। इसी बीच महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने उनकी तुलना भगवान राम से कर की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राम का नाम है उसी तरह राहुल गांधी का भी नाम ‘रा’ से ही शुरू होता है। इससे पहले राजस्थान के मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा था कि राहुल गांधी भगवान राम से भी ज्यादा पैदल चल रहे हैं। जितना राम अयोध्या से श्रीलंका तक चले थे, उससे ज्यादा का सफर राहुल गांधी करेंगे।

 

मीणा ने कहा, जितनी दूरी भगवान राम ने अयोध्या से लंका तक तय की थी राहुल गांधी उससे भी कहीं ज्यादा चलेंगे। वह कश्मीर से कन्याकुमारी तक का सफर करेंगे। इसके बाद पटोले ने कहा, राम और शंकराचार्य भी पदयात्रा पर निकले थे। लोग उनके साथ जुड़ते चले गए।

 

यह श्रीराम से तुलना नहीं है लेकिन यह भी संयोग ही है कि दोनों का ही नाम ‘रा’ से शुरू होता है। उन्होंने यह भी कहा, हम राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से नहीं कर रहे हैं। वह ईश्वर हैं लेकिन राहुल गांधी एक इंसान हैं जो कि मानवता की सेवा कर रहे हैं।

 

बीजेपी ने जताया ऐतराज

 

कांग्रेस नेताओं के इन बयानों पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे को लेकर भी वाद विवाद शुरू हो गया है। राजस्थान में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि राहुल गांधी भगवान राम से बड़े कैसे हो सकते हैं? कांग्रेस नेताओं ने हमेशा ही भगवान को चुनने में गलती की है।

 

वहीं भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी की तुलान राम से करके हमारी संस्कृति का अपमान किया जा रहा है। इन लोगों ने गांधी परिवार की चापलूसी की सारी सीमाएं पार कर ली हैं।

 

बता दें कि 7 सितंबर 2022 से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई है। अब तक यह तमिलनाडु और केरल की यात्रा कवर कर चुकी है। अब भाजपा शासित कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं की यात्रा चल रही है। सोमवार को यात्रा रोक दी गई थी। मंगलवार सुबह एक बार फिर यात्रा शुरू हो गई है। हर रोज 25 किलोमीटर की पदयात्रा होती है।

 

ये भी पढ़ें:

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर बाघ और तेंदुआ की खाल के साथ 6 गिरफ्तार, 5 आरोपी फरार | ऑनलाइन बुलेटिन

 


Back to top button