.

कहीं वीकेंड कर्फ्यू तो कहीं लॉकडाउन, छत्तीसगढ़, दिल्ली-यूपी से महाराष्ट्र तक कोरोना से हाहाकार, देखें भारत में कहां कैसी पाबंदियां | newsforum

रायपुर | भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लगातार तीन दिन से डेली केस का आंकड़ा दो लाख पार कर जा रहा है। शनिवार को भी बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के देश में 2 लाख 34 हजार कोरोना संक्रमितों के नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में एक्टिव केसों की संख्या 15 लाख पार कर गई है। कोरोना के बढ़ते इसी संक्रमण को देखते हुए देशभर के अलग-अलग शहरों-राज्यों में वीकेंड लॉकडाउन, कर्फ्यू और नाइट कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए हैं।

कोरोना की दूसरी लहर की चेन तोड़ने के लिए छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-मुंबई जैसे शहरों ने भी पाबंदियों को लागू कर दिया है। तो चलिए जानते हैं कहां कैसी पाबंदी है।

 

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लॉकडाउन

 

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, कवर्धा, कोरबा, अंबिकापुर, सुकमा, बस्तर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, और बीजापुर सहित अन्य जिलों में लॉकडाउन कर दिया गया है। ट्रेनों का संचालन होने व 45+ को कोरोना वैक्सीन लगाने हेतु आवागमन के लिए टैक्सी, मोटर बाइक का संचालन नियमानुसार करने की सशर्त छूट दी गई है। दुकानें, प्रतिष्ठानों, होटलों, मॉल आदि खोलने की मनाही है। वहीं दूध, मेडिकल आदि को गाइलाइन के नियमानुसार खोलने की अनुमति दी गई है।

 

मध्य प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू

 

मध्य प्रदेश में भी कोरोना कर्फ्यू जारी है। इस दौरान अनिवार्य सेवाओं को छोड़कर हर तरह की गतिविधियों पर पाबंदी है। महाराष्ट्र से राज्य में आने वाले लोगों के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट कराना जरूरी है।

 

महाराष्ट्र में 15 दिनों का मिनी लॉकडाउन

 

महाराष्ट्र में 15 दिनों का मिनी लॉकडाउन जारी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को ऐलान किया था कि 14 अप्रैल को रात 8 बजे से 1 मई तक महाराष्ट्र कर्फ्यू की जद में रहेगा। भीड़भाड़ को रोकने के लिए पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई है। अनिवार्य चीजों को छोड़कर सबकुछ बैन कर दिया गया है। जरूरी सेवाओं की दुकानों को ही खुलने की छूट है। बाद बाकी सभी सार्वजनिक गतिविधियों पर बैन है।

©सांकेतिक चित्र

दिल्ली में 56 घंटों का कर्फ्यू

 

दिल्ली में कोरोना वायरस के कहर को कम करने के लिए 56 घंटों का कर्फ्यू लगाया गया है। शुक्रवार रात से शुरू हुआ वीकेंड कर्फ्यू सोमवार सुबह तक जारी रहेगा। कर्फ्यू के दौरान पूरी दिल्ली में पुलिस पेट्रोलिंग जारी रहेगी। अगर किसी ने भी अपने घर से बाहर कदम रखा, तो उन्हें पुलिस पेट्रोलिंग टीम का सामना करना पड़ेगा। अगर किसी को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल जाना पड़ता है तो इस पर जाने दिया जाएगा। अस्पताल जाने वाले डॉक्टर अपने आईडी कार्ड दिखाकर जा सकेंगे। अगर कोई सब्जी विक्रेता बिक्री कर रहा है, तो उसे बिना पास के भी अनुमति दी जाएगी। कई चीजों के लिए ई-पास जरूरी होगा।

 

राजस्थान में लागू है वीकेंड कर्फ्यू

 

कोरोना वायरस के कहर को देखते हुए राजस्थान में भी कर्फ्यू जारी है। राजस्थान सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आज यानी शुक्रवार शाम छह बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक राज्य में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। इस दौरान अनिवार्य सेवाओं को छोड़कर किसी तरह के गतिविधियों की छूट नहीं होगी। हालांकि, उपचुनाव से जुड़ी गतिविधियों को इस कर्फ्यू से छूट प्राप्त है।

 

चंडीगढ़ में वीकेंड लॉकडाउन

 

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चंडीगढ़ में भी वीकेंड लॉकडाउन लागू है। चंड़ीगढ़ प्रशासन ने शुक्रवार रात दस बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन लगाया है। हालांकि, इस दौरान अनिवार्य सेवाओं को छूट रहेगी। अन्य दिनों के लिए प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि रेस्तरां और होटल सहित मॉल में मौजूद फूड कोर्ट अब कुल क्षमता के केवल 50% लोगों के साथ ही चलाए जा सकते हैं। इसके साथ ही इनको रात 9:30 बजे तक बंद भी करना होगा।

 

उत्तर प्रदेश में संडे लॉकडाउन

 

यूपी में लगातार बढ़ रहे कोरोना केस को देखते हुए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश के सभी जिले में रविवार को साप्ताहिक बंदी रहेगी और मास्क नहीं पहनने वालों से 1000 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया है कि सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को बंदी की जाए। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार, दफ्तर बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस दिन सभी जिलों के बाजारों में व्यापक स्तर पर सेनेटाइजेशन अभियान चलेगा।

 

© सांकेतिक चित्र

कर्नाटक में 20 अप्रैल तक कर्फ्यू

 

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को घोषणा की है कि 7 जिलों में रात में जारी कर्फ्यू 20 अप्रैल तक जारी रहेगा, क्योंकि राज्य में कोरोनो वायरस के नए मामलों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सात जिलों में रात का कर्फ्यू जारी रहेगा। मामले बढ़ गए हैं, हमने सारी जानकारी एकत्र कर ली है। कोविड पर सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद येदियुरप्पा ने इसकी घोषणा की है। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु, और 6 अन्य जिलों – मैसूरु, मंगलुरु, कालाबुरागी, बीदर, तुमकुरु और उडुपी-मणिपाल में नाइट कर्फ्यू लागू लगा है। यह सुबह 5 बजे समाप्त होता है।

 

पंजाब में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू

 

पंजाब सरकार ने राज्य में रात 9 बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा रखा है। यह कर्फ्यू 30 अप्रैल तक लागू है। स्कूलों को बंद कर दिया गया है और भीड़भाड़ को बैन कर दिया गया है।

 

उत्तराखंड में भी नाइट कर्फ्यू

 

पूरे राज्य में रात साढ़े 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। बस से लेकर सार्वजनिक गाड़ियों में बैठने की क्षमता 50 फीसदी तय कर दी गई है। स्कूल से लेकर कोचिंग सेंटर तक अगेल आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। हर तरह के कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर मनाही है।

 

हरियाणा में नाइट कर्फ्यू

 

हरियाणा में भी नाइट कर्फ्यू ही लागू है। यहां अब तक वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान नहीं किया गया है। 30 अप्रैल तक सभी स्कूल-कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान बंद हैं।

 

गुजरात के 20 शहरों में नाइट कर्फ्यू

 

गुजरात के 20 शहरों में नाइट कर्फ्यू जारी है। इसका समय रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक है। अहमदाबाद से सूरत जैसे 20 शहरों में यह पाबंदी लागू है। राज्य में आने वाले सभी लोगों को आरटीपीसीआर टेस्ट कराना जरूरी है।

 

ओडिशा में वीकेंड लॉकडाउन

 

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच ओडिशा के 10 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। जिन 10 जिलों में वीकेंड लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है वे सभी छत्तीसगढ़ बॉर्डर से सटे हुए हैं। इसके साथ-साथ 17 अप्रैल से ओडिशा सरकार ने सभी शहरी क्षेत्रों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। मुख्य सचिव सुरेश महापात्र ने कहा कि सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बरगढ़, बलांगीर, नुआपाड़ा, कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में 17 अप्रैल से वीकेंड लॉकडाउन के साथ-साथ नाइट कर्फ्यू रहेगा।  जबकि छत्तीसगढ़ के करीब 10 जिलों में रात का कर्फ्यू शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे के बीच होगा, बाकी राज्यों के लिए यह समय 9 बजे से सुबह 5 बजे तक है।

 

केरल में भी कड़े प्रतिबंध

 

केरल सरकार ने भी अपने यहां प्रतिबंध कड़े कर दिए हैं। केरल के मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में सभी समारोहों के लिए पूर्व अनुमति जरूरत होगी और अधिकारी उन पर सख्ती रखेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के बड़े मॉल में खरीदारी करने जाने वालों के लिए कोविड निगेटिव रिपोर्ट या फिर टीकाकरण का प्रमाणपत्र दिखाना अनिवार्य होगा। केरल में दुकानों को नौ बजे बंद करने को कहा गया है। आउटडोर फंक्शन में 200 और इंडोर फंक्शन में 200 लोगों के ही शामिल होने की इजाजत है।

 

जम्मू-कश्मीर में भी सख्ती

 

जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने जम्मू, उधमपुर, कठुआ, श्रीनगर, बारामूला, बडगाम, अनंतनाग और कुपवाड़ा सहित आठ जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाया है।


Back to top button