.

दो लड़कियों के बीच पनपी अजीबो-गरीब मुहब्बत मगर दोनों ही परिवारों को फूटी आंख नहीं सुहा रहा | newsforum

नई दिल्ली | दो लड़कियों के बीच पनपी अजीबो-गरीब मुहब्बत लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में दोस्ती की आड़ में पनपे मुहब्बत और हदों से पार कथित प्यार में पागल दोनों लड़कियां पति-पत्नी बनकर रहना चाहतीं हैं। मगर दोनों ही लड़कियों के परिवारों को दोनों का हद से ज्यादा प्यार फूटी आंख नहीं सुहा रहा है।

 

‘लेना एक न देना दो’ बीच में फंसी पुलिस

 

दोनों लड़कियों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि परिवार को पुलिस की शरण लेनी पड़ी। मामला पुलिस में जाने के बाद पुलिस इस हैरतंगेज प्यार की पींगें तुड़वाने में पसीने से तर-ब-तर हुई पड़ी है। लड़कियाँ टस से मस होने को राजी नहीं। वहीं पुलिस और परिवार अपने-अपने कदम पीछे हटाने को राजी नहीं।

 

घरों से गायब लड़कियां हरिद्वार से बरामद

 

यह अलग बात है कि, कई दिन की मेहनत मशक्कत के बाद भी बिगाड़-संभाल कोई किसी का कुछ नहीं पाया है। बस पुलिस ने घरों से गायब लड़कियों को हरिद्वार (उत्तराखण्ड) में तलाश तो लिया। लड़कियों ने मगर पुलिस को तमाम कानून और अपने प्यार का हवाला देकर आगे बढ़ा दिया।

 

दोनों परिवार पुलिस के पीछे हाथ धोकर पड़े

 

उधर बेटियों की इस अजीब हरकत से बेहाल दोनों परिवार, पुलिस के पीछे हाथ धोकर पड़े हैं। वो चाहे जैसे भी दोनों लड़कियों को अलग-थलग करवायें, जबकि पुलिस कानूनी रूप से भी इन बालिग लड़कियों को समझाने-बुझाने के सिवाये और आगे कुछ सख्ती अमल में ला पाने की स्थिति में नहीं है।

 

दोनों लड़कियां पढ़ी-लिखी और बालिग

 

पुलिस का कहना है कि, दोनों लड़कियां बालिग और पढ़ी-लिखी हैं। किसी ने किसी को गैर-कानूनी रुप से बंधक नहीं बनाकर रखा है। वे अपनी-अपनी मर्जी से साथ रह रहीं हैं। अब तक हुई जांच में कहीं कुछ भी, दोनों लड़कियों को लेकर ऐसा पकड़ में नहीं आया है, जिससे वे कानून के उल्लंघन की आरोपी बनतीं हों।

 

परिवार और पुलिस को ऐसे बढ़ाया आगे

 

पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर अपने अपने घर वापसी की सलाह हदों से पार जाकर दी है लेकिन पति-पत्नी बनकर रहने की जिद पर अड़ी लड़कियों ने फिलहाल पुलिस और परिवार वालों को आगे बढ़ा दिया है।

 

लड़की पर भगाने का कराया केस दर्ज

 

मामला गाजियाबाद जिले के नंदग्राम थाना क्षेत्र का है। लड़कियों ने अदालत में अपने-अपने जो बयान दर्ज कराए हैं। उनमें भी परिवारों से अलग पति-पत्नी के रुप में रहने की बात ही दोहराई है। मामले का भांडा बीते साल दिसंबर महीने में तब फूटा, जब गाजियाबाद के नंदग्राम में रहने वाले एक शख्स ने बेटी के गायब होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। पिता ने बेटी को भगा ले जाने का आरोप गांव की ही एक अन्य लड़की पर लगाया था। पुलिस ने जांच की तो पता कि, दोनों लड़कियों की दोस्ती अस्पताल के हॉस्टल में हुई।

 

अस्पताल में काम करतीं हैं दोनों लड़कियां

 

जिन लड़कियों के संबंधों को लेकर बबाल मचा है उनमें से एक लड़की अस्पताल में नर्स है। जबकि दूसरी लड़की इसी अस्पताल में साफ-सफाई का काम करने जाती थी। नर्स वो लड़की है जिसके ऊपर शिकायतकर्ता पिता ने बेटी को गायब करने का आरोप मढ़ा है।

 

बेटी की तय कर दी थी शादी

 

पीड़ित पिता का आरोप है कि, उसने बेटी की शादी भी तय कर दी थी। इसी जनवरी (2021) में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। तब तक दिसंबर 2020 में वो गायब हो गयी। गाजियाबाद पुलिस की मानें तो, दोनों युवतियां बरामद कर ली गयीं।

 

मामला अब अब नंदग्राम पुलिस के पास

 

वे दोनों हरिद्वार में साथ रहती मिलीं। दोनों लड़कियां हरिद्वार में ही प्राइवेट नौकरी कर रहीं थीं। फिलहाल पूरे मामले की जांच अब नंदग्राम थाना पुलिस कर रही है। कई दिन की माथापच्ची के बाद भी, अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकला है।


Back to top button