.

उमा भारती के रिश्तेदार प्रीतम लोधी ने उठवाईं बंदूकें, बोले- घबराओ मत, लाइसेंस सस्पेंड नहीं होने दूंगा | ऑनलाइन बुलेटिन

ग्वालियर | [मध्य प्रदेश बुलेटिन] | ब्राह्मणों पर टिप्पणी कर बीजेपी से निष्कासित हुए नेता प्रीतम लोधी का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के रिश्तेदार प्रीतम लोधी ने ग्वालियर में अपने समर्थकों से बंदूकें उठवाईं। उन्होंने कहा- घबराओ नहीं, शान से बंदूक उठाओ, एक भी लाइसेंस सस्पेंड नहीं होने दूंगा। वे बुधवार को दशहरा मिलन समारोह में शामिल हुए थे। हालांकि, वीडियो के सत्येतकी पुष्टि ऑनलाइन बुलेटिन डॉट इन नहीं करता है।

 

इस अवसर पर उन्होंने कहा- न अत्याचार करेंगे, न देखेंगे और सहन तो बिल्कुल नहीं करेंगे। उनकी यह बात उनके समर्थकों ने भी दोहराई।

उल्लेखनीय है कि अगस्त 2022 में शिवपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान प्रीतम लोधी ने ब्राह्मणों और कथावाचकों पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कथावाचकों की नजर महिलाओं पर होती है। ब्राह्मण 9 दिन तक आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रुपए भी लेता है।

 

प्रीतम लोधी का अब यह नया वीडियो सामने आया है। जिसमें वे समर्थकों से बंदूकें उठाने की बात कह रहे हैं।

 

दशहरा मिलन समारोह ग्वालियर के जलालपुरा में तलवार वाले हनुमान मंदिर परिसर में हुआ था। इसमें प्रीतम लोधी के काफी समर्थक पहुंचे थे। प्रीतम मंच पर थे और नीचे मैदान में उनके समर्थक हाथों में बंदूकें और तलवार लेकर खड़े थे। ग्वालियर के जलालपुर से सरपंच रहे प्रीतम लोधी पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के रिश्तेदार हैं।

 

उमा की बहन की बेटी की शादी प्रीतम लोधी के बेटे से हुई है। लोधी शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

प्रीतम लोधी ने इससे पहले शिवपुरी में ये कहा था…

 

प्रीतम लोधी ने 17 अगस्त 2022 को शिवपुरी में कहा था, कथावाचक सहित पंडित आपको नवरात्रि के 9 दिन रोजाना 7 से 8 घंटे तक पागल बनाते हैं। कहते हैं कि अगर तुम दान करोगे तो भगवान तुमको देगा। महिलाएं इनकी बातों में आ जाती हैं और दूध, घी, दही अपने बच्चों को खिलाने की बजाय इन्हें दे देती हैं। ब्राह्मण 9 दिन तक आपको उल्लू बनाने और बातें करने के आपसे 25 से 50 हजार रुपए भी लेता है।

 

इतना ही नहीं, ये लोग (कथावाचक सहित पंडित) सुंदर महिलाओं का घर चयन करते हैं। उनके घर जाकर कहते हैं, महाराज आज शाम का भोजन आपके यहीं करेंगे, लेकिन इनकी नजर कहीं और ही होती है। कथा के दौरान यह कहते हैं कि 20 से 30 साल की महिलाएं आगे बैठ जाओ। 30 से 45 साल की महिलाएं बीच में और बुजुर्ग महिलाएं पीछे बैठ जाओ। इसके बाद यह गाने गा-गाकर उन्हें नचवाते हैं और खुद ऊपर बैठे आनंद लेते हैं।

 

प्रीतम लोधी वीरांगना रानी अवंति बाई लोधी की 191वीं जयंती पर शिवपुरी जिले के बदरवास के ग्राम खरैह में एक सम्मान समारोह में पहुंचे थे।

 

विवाद बढ़ने पर अपनी सफाई में ये कहा था…

 

ब्राह्मणों और कथावाचकों पर टिप्पणी पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रीतम लोधी को नोटिस जारी किया था। शिवपुरी में प्रवीण मिश्रा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, सर्व ब्राह्मण समाज रन्नौद की शिकायत पर पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। बाद में भाजपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया।

 

विवाद बढ़ने और कथावाचक सहित पंडितों की नाराजी के बाद बीजेपी नेता प्रीतम लोधी के बयानों का मूल तथ्य जानना चाहा, तो उनका कहना था कि मैंने यह बात मिर्ची बाबा, आसाराम और राम-रहीम जैसे लोगों के लिए कही थी। यह वीडियो तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।

 

ये भी पढ़ें:

 

RSS का एजेंडा और 22 प्रतिज्ञाएं | ऑनलाइन बुलेटिन

 

 


Back to top button