तकनीक और संवेदनशीलता का समन्वय : सुरक्षित मातृत्व का सारथी बना ‘मातृ साथी’

भोपाल
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शहडोल जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का अभिनव उपयोग किया जा रहा है। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए एआई आधारित कॉलिंग सॉफ्टवेयर ‘मातृ साथी’ प्रारंभ किया गया है। इस नवाचार से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
शहडोल जिले में एआई आधारित ‘मातृ साथी’ का क्रियान्वयन सराहनीय पहल: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु में कमी लाना तथा प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और नवाचारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। शहडोल जिले में एआई आधारित ‘मातृ साथी’ का क्रियान्वयन इस दिशा में सराहनीय पहल है। उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का समय पर चिन्हांकन, नियमित निगरानी, आवश्यकतानुसार रेफरल एवं समुचित उपचार सुनिश्चित कर मातृ एवं शिशु मृत्यु में और कमी लाई जा सकती है। तकनीक के प्रभावी उपयोग और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित मातृत्व एवं स्वस्थ बचपन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। नवम्बर 2026 से प्रारंभ इस पहल के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। महज 17 दिनों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के 978 प्रकरण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत प्रकरणों का आवश्यक उपचार एवं प्रबंधन के उपरांत निराकरण किया जा चुका है।
एक फोन कॉल से सक्रिय हो रहा स्वास्थ्य तंत्र
‘मातृ साथी’ सॉफ्टवेयर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को स्वतः फोन कर उनकी स्वास्थ्य गत जानकारी प्राप्त करता है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या की जानकारी मिलने पर संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) के व्हाट्सऐप पर तत्काल अलर्ट पहुँचता है। इसके आधार पर एएनएम, सीएचओ एवं आशा कार्यकर्ता के माध्यम से संबंधित महिला से संपर्क कर आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संस्था में रेफरल, जांच एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। इस तकनीक से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उपचार के बीच लगने वाले समय को कम करने में सहायता मिल रही है।
समय पर मिला उपचार, सुरक्षित हुआ मातृत्व
‘मातृ साथी’ के माध्यम से कई गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। ब्यौहारी के उप स्वास्थ्य केंद्र अनत्नी की 26 वर्षीय मती सविता सिंह गौड़ को सिकल सेल डिजीज की समस्या सामने आने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर रक्त चढ़ाने सहित आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसी प्रकार गोहपारू की मती राधा देवी सिंह एवं ब्यौहारी क्षेत्र की मती किरण बसोर को समय पर रक्त चढ़ाने एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सोहागपुर की मती दीपिका सिंह को जिला चिकित्सालय से मेडिकल कॉलेज रेफर कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया गया।
10 हजार से अधिक उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत फोन मॉनिटरिंग
एआई कॉलिंग व्यवस्था प्रारंभ होने से पूर्व भी जिले में उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की नियमित फोन मॉनिटरिंग की जा रही थी। जनवरी से नवम्बर 2026 तक चिन्हित सभी 10,690 उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं से एएनएम, सीएचओ एवं चिकित्सा अधिकारियों द्वारा फोन के माध्यम से संपर्क किया गया।












