.

चंपई सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक संपन्न, कहा- जल्द बहुमत साबित कर देंगे

रांची  
झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में 3 प्रस्ताव पर मुहर लगी है। 5 और 6 फरवरी को विधानसभा का सत्र आहूत किया गया है, जिसमें सरकार बहुमत साबित करेगी। साथ ही राजीव रंजन को फिर से एडवोकेट जनरल नियुक्त करने के प्रस्ताव की स्वीकृति दी गयी। वहीं, इस बैठक के बाद चंपई सोरेन ने मीडिया के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आपके माध्यम से अपनी बात लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बताया कि झारखंड विधानसभा का बजट सत्र पहले 9 फरवरी से निर्धारित था। उस फैसले को रद्द करते हुए अब नए सत्र के औपबंधिक कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। उन्होंने यह भी कहा कि एक-दो दिनों में वे विधानसभा में अपना बहुमत सिद्ध कर देंगे।

सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन ने पिछले 4 सालों में जो कामकाज किया है, उसे हम आगे बढ़ाएंगे। कोरोना जैसी महामारी और विषम परिस्थिति में भी हेमंत सोरेन ने बेहतर ढंग से नेतृत्व किया। उन्होंने सूझबूझ के साथ सरकार चलाई। यहां के आदिवासियों की बुनियादी सवाल को उन्होंने उठाया और मजबूत किया। सीएम चंपई ने कहा कि ये सरकार ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक को विकास की योजनाओं से सालों तक दूर रखा गया लेकिन हेमंत सोरेन ने इस दिशा में काम किया। हम उन योजनाओं और काम को हम तेजी से आगे बढ़ाएंगे ताकि दोनों क्षेत्र और हर वर्ग लाभ मिले। सभी क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए जनहित में काम करेंगे।

चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से परिपूर्ण राज्य है, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए वर्षों तक संघर्ष किया। इसके बावजूद पार्टी के युवा सम्राट हेमंत सोरेन को फंसा कर सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई। अब सरकार अपने कामकाज के माध्यम से विरोधियों को आईना दिखाने का काम करेगी। चंपई सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन ने बहुत अच्छा काम कर रहे थे, जिसके कारण विरोधियों ने घबराकर उन्हें फंसाने का काम किया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन न्याय की लड़ाई लड़ रहे है, वे निश्चित रूप से सफल होंगे और उन्हें न्याय मिलेगी। चंपई सोरेन ने बताया कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के न्याय यात्रा में शामिल होंगे। इसके अलावा जेएमएम स्थापना दिवस में भी शामिल होंगे।

 


Back to top button