.

NDA के लिए 400 पार का नारा दे रही भारतीय जनता पार्टी के लिए अच्छे संकेत

नई दिल्ली

NDA के लिए 400 पार का नारा दे रही भारतीय जनता पार्टी के लिए अच्छे संकेत हैं। हाल ही में हुए एक सर्वे से पता चला है कि भाजपा की अगुवाई वाला गठबंधन 400 से ज्यादा सीटें जीत सकता है। खास बात है कि पहली बार है जब किसी सर्वे में एनडीए को 400 से ज्यादा सीटें मिलने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल, भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है।

नेटवर्क18 के मेगा ओपिनियन पोल के अनुसार, एनडीए 411 सीटें जीत सकता है। लोकसभा में कुल सीटों की संख्या 543 है। हालांकि, 370 सीटें जीतने का दावा कर रही भाजपा अपने लक्ष्य से पीछे रह सकती है। ओपिनियन पोल के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा इस चुनाव में 350 सीटें जीत सकती है।

खास बात है कि अगर ऐसा हुआ, तो 2019 लोकसभा चुनाव के मुकाबले भाजपा 47 सीटें ज्यादा अपने नाम करेगी।

कहां कितनी सीटें
सर्वे के मुताबिक, एनडीए उत्तर प्रदेश की 80 में से 77, मध्य प्रदेश में 28, छत्तीसगढ़ में 10, बिहार में 38 और झारखंड में 12 सीटें अपने नाम कर सकता है। गठबंधन कर्नाटक में 25, तमिलनाडु में 5 और केरल में 2 सीटों पर भी जीत हासिल कर सकता है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि कई राज्यों में एनडीए का ग्राफ बढ़ने के आसार हैं।

इनमें ओडिशा में 13, पश्चिम बंगाल में 25, तेलंगाना में 8 आंध्र प्रदेश में 18 सीटें जीत सकती है। गुजरात में एनडीए को सभी 26 सीटों पर जीत मिल सकती है।

विपक्षी गठबंधन INDIA का क्या होगा
ओपिनियन पोल के अनुसार, विपक्षी गठबंधन INDIA को 105 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, सबसे बड़े विपक्षी दल कांग्रेस के खाते में सिर्फ 49 सीटें ही आने के आसार हैं। खास बात है कि साल 2014 में कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा था। तब पार्टी ने 44 सीटें अपने नाम की थी।

 


Back to top button