मोहाली में जमीन मालिकों को बड़ी राहत, अब 18 दिसंबर तक कर सकेंगे लैंड पूलिंग के लिए आवेदन

मोहाली
मोहाली के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आसपास विकसित किए जा रहे एयरोट्रोपोलिस प्रोजेक्ट में जमीन देने वाले किसानों और अन्य जमीन मालिकों को सरकार ने एक और मौका दिया है। प्रोजेक्ट के तहत जमीन के बदले नकद मुआवजा लेने के बजाय लैंड पूलिंग योजना चुनने के इच्छुक जमीन मालिक अब 18 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।पहले आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर थी। भूमि अधिग्रहण कलेक्टर, आवास एवं शहरी विकास विभाग की ओर से आवेदन की समय सीमा बढ़ाने संबंधी सूचना जारी की गई है।
यह फैसला उन जमीन मालिकों के लिए अहम है, जो किसी कारण से पहले तय समय में आवेदन नहीं कर पाए थे। एयरोट्रोपोलिस प्रोजेक्ट के पॉकेट E, F, G, H, I और J के तहत आने वाली जमीनों के मालिक इस प्रक्रिया में आवेदन कर सकते हैं।
120 दिन की समय सीमा पूरी होने के बाद बढ़ाई तारीख 20 जुलाई 2026 को जमीन अधिग्रहण के अवार्ड की घोषणा की गई थी। इसके बाद जमीन मालिकों को नकद मुआवजे के बजाय लैंड पूलिंग का विकल्प चुनने के लिए 120 दिन का समय दिया गया था। यह समय सीमा 17 नवंबर 2026 को पूरी हो गई। अब प्रशासन ने आवेदन जमा करने के लिए 18 दिसंबर तक अतिरिक्त समय दे दिया है।
लैंड पूलिंग में जमीन के बदले विकसित प्लॉट मिलता है लैंड पूलिंग योजना के तहत जमीन मालिक अपनी जमीन के बदले तय नियमों के अनुसार विकसित जमीन या प्लॉट पाने का विकल्प चुनते हैं। इसमें जमीन को एक साथ लेकर सड़क, सीवरेज, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ विकसित किया जाता है।
विकसित जमीन का लाभ मिल सकता है इसके बाद निर्धारित नीति के अनुसार जमीन मालिक को विकसित क्षेत्र में प्लॉट दिया जाता है। यानी यह विकल्प सीधे नकद मुआवजा लेने से अलग है। इसमें जमीन मालिक को भविष्य में विकसित जमीन का लाभ मिल सकता है।
कहां और कैसे करें आवेदन? पॉकेट E, F, G, H और I से संबंधित पात्र जमीन मालिक GMADA की आधिकारिक वेबसाइट www.gmada.gov.in पर जाकर लैंड पूलिंग का ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन से पहले योजना की शर्तें, जरूरी दस्तावेज और पात्रता की जानकारी जरूर जांच लें। आवेदन की अंतिम तारीख 18 दिसंबर 2026 है।












